भोपाल, 14 सितंबर 2025 (भाषा)
मध्यप्रदेश के भोपाल कॉलेज छात्रा दुष्कर्म मामले और उन्हें ब्लैकमेल करने के मामले में गिरफ्तार दो लोगों के अवैध रूप से निर्मित घरों को शनिवार को ध्वस्त कर दिया गया। मामले में गिरफ्तार एक अन्य आरोपी के खिलाफ कार्रवाई अदालत में सुनवाई के कारण स्थगित कर दी गई।
आरोपियों के घर को किया ध्वस्त
शुक्रवार शाम को अर्जुन नगर इलाके में घरों के चारों ओर बैरिकेड्स लगा दिए गए थे और भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच तड़के करीब पांच बजे तोड़फोड़ शुरू हुई। गोविंदपुरा के अनुविभागीय दंडाधिकारी रवीश श्रीवास्तव ने पत्रकारों को बताया कि नियमों के अनुसार तोड़फोड़ की गई और पुलिस की मौजूदगी में सरकारी जमीन पर अवैध अतिक्रमण हटा दिया गया।
फरहान के घर पर भी चलेगा बुलडोजर
शमसुद्दीन उर्फ साद और साहिल खान के अनधिकृत घरों को ध्वस्त कर दिया गया जबकि एक अन्य आरोपी फरहान अली के खिलाफ कार्रवाई अदालत में सुनवाई के बाद की जाएगी।
आपत्तिजनक वीडियो बनाकर करते थे उन्हें ब्लैकमेल
पुलिस के अनुसार, आरोपी फरहान अली, साद, साहिल खान, नबील, अली खान और अबरार पर एक निजी कॉलेज की छात्राओं से दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और धर्म परिवर्तन का प्रयास करने का आरोप है। पुलिस ने 25 अप्रैल को आरोपियों के खिलाफ तीन छात्राओं से दुष्कर्म करने और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करने का मामला दर्ज किया था।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

