भोपाल, 21 मई 2026 (भाषा)
दहेज के लिए प्रताड़ित की गई और पिछले हफ्ते मृत पाई गई नोएडा की महिला ट्विशा शर्मा के परिजनों ने बुधवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने पीड़िता के परिजनों से मुलाकात के दौरान मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने का आश्वासन दिया।
मामले की CBI जांच के लिए पत्र लिखेगी मोहन सरकार
मुख्यमंत्री कार्यालय में पदस्थ एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ट्विशा शर्मा के परिजनों ने बुधवार दोपहर मंत्रालय में मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात की। यादव से मिलने वालों में ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा और उसके भाई शामिल थे। अधिकारी ने बताया, ‘‘मुख्यमंत्री यादव ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इस प्रकरण में परिवार की पूरी सहायता करेगी। इस मामले में जांच के लिए सीबीआई को भी पत्र लिखा जाएगा।’’
दोबारा पोस्टमॉर्टम के संबंध में निर्णय करेगा न्यायालय
अधिकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री ने परिवार के सदस्यों से कहा कि मृतका के दोबारा पोस्टमॉर्टम के संबंध में न्यायालय निर्णय करेगा, लेकिन परिजन यदि चाहते हैं तो पार्थिव शरीर को दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ले जाने के लिए परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
उमंग सिंघार बोले- परिवार की मांग गंभीरता से लें
मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि मामले में यदि परिवार को किसी भी प्रकार का संदेह है और वे दोबारा पोस्टमॉर्टम की मांग कर रहे हैं, तो उसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘किसी भी परिवार के लिए अपनी बेटी को खोना असहनीय पीड़ा है। ऐसे समय में पारदर्शिता और निष्पक्षता सबसे महत्वपूर्ण होती है।’’ उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री जी को इस मामले में तत्काल संज्ञान लेकर परिवार की मांग पर उचित निर्णय सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की आशंका या अविश्वास की स्थिति न बने।”
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

