भोपाल में सेवानिवृत्त न्यायाधीश की पुत्रवधू संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिली, जांच जारी

भोपाल में सेवानिवृत्त न्यायाधीश की पुत्रवधू संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिली, जांच जारी
Share this news

भोपाल, 15 मई 2026 (भाषा)

मध्यप्रदेश में सेवानिवृत्त न्यायाधीश की पुत्रवधू भोपाल में अपने ससुराल स्थित घर में मृत पाई गई। यह घटना शहर के कटारा हिल्स इलाके में मंगलवार रात की है।

डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी मुलाकात

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 31 वर्षीय त्विषा शर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थी। उसकी मुलाकात वर्ष 2024 में भोपाल के वकील समर्थ सिंह से एक डेटिंग ऐप के माध्यम से हुई थी। दोनों ने दिसंबर 2025 में विवाह किया था। समर्थ एक पूर्व सत्र न्यायाधीश का पुत्र है।

सास और पति पर हत्या के आरोप

कटारा हिल्स थाना प्रभारी सुनील कुमार दुबे ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मृतका के मायके पक्ष ने उसके ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने बताया कि त्विषा अपने ससुराल के घर में फंदे से लटकी मिली थी। उसके पति और सास उसे अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को रात करीब 11 बजे अस्पताल से सूचना मिली।

मायके पक्ष का दावा

मायके पक्ष का दावा है कि मंगलवार रात 10 बजे तक उनकी त्विषा से फोन पर बातचीत हुई थी और वह भोपाल छोड़कर नोएडा लौटने की बात कह रही थी। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मामले की जांच सहायक पुलिस आयुक्त रजनीश सिंह को सौंपी गई है।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements