भोपाल में पटाखों की दुकान और गोदाम में लगी भीषण आग, कोई हताहत नहीं

भोपाल में पटाखों की दुकान और गोदाम में लगी भीषण आग, कोई हताहत नहीं
Share this news

भोपाल, 12 जून 2026 (भाषा)

मध्यप्रदेश के भोपाल में बृहस्पतिवार देर रात पटाखों की एक दुकान व गोदाम में भीषण आग लग गई, जिससे लगातार विस्फोट होने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। हलालपुरा क्षेत्र में हुई इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

पटाखा मार्केट में लगी आग, आसमान में दिखी आग की लपटें

आग देर रात करीब साढ़े तीन बजे बैरागढ़ रोड पर एक पेट्रोल पंप के समीप स्थित गोदाम में लगी। अधिकारियों ने बताया कि गोदाम में रखे पटाखों के लगातार फटने के कारण दमकलकर्मियों को शुरुआती दौर में आग वाली जगह के करीब पहुंचने में काफी कठिनाई हुई और विस्फोटों के साथ चिंगारियां व जलते हुए पटाखे दूर-दूर तक गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हलालपुरा के पटाखा बाजार से कुछ दूरी पर स्थित इस दुकान-सह-गोदाम में बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडार था।

तीन घंटे तक चला अभियान

भोपाल नगर निगम के अग्निशमन अधिकारी सौरभ पटेल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हमें सुबह करीब चार बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद तत्काल दमकल वाहन मौके पर भेजे गए। करीब 10 दमकल वाहनों ने लगभग तीन घंटे तक आग पर काबू पाने के लिए अभियान चलाया।’’ उन्होंने बताया कि प्रतिष्ठान के निकट पेट्रोल पंप होने से आग बुझाने का काम और चुनौतीपूर्ण हो गया था।

80 फुट ऊंचाई तक उठ रही थीं आग की लपटें

पटेल ने बताया कि परिसर में रखे पटाखों के लगातार फटने से दमकलकर्मियों को आग के नजदीक पहुंचने में शुरुआती कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग की लपटें करीब 80 फुट ऊंचाई तक उठ रही थीं और लंबे समय तक विस्फोट होते रहने से क्षेत्र के निवासियों में दहशत का माहौल बन गया।

अधिकारी ने बताया कि फतेहगढ़, बैरागढ़, गांधीनगर, भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) तथा अन्य अग्निशमन केंद्रों से दमकल वाहन बुलाए गए। उन्होंने बताया कि दिन में तापमान बढ़ने के साथ आग दोबारा भड़कने की आशंका को देखते हुए एहतियातन दो पानी के टैंकर मौके पर तैनात किए गए हैं। पटेल ने एक प्रश्न के उत्तर में बताया कि यह प्रतिष्ठान पटाखा बाजार से लगभग आधा किलोमीटर दूर स्थित था।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements