गोविंदपुरी की रिहायशी इमारत में आग लगने से तीन लोगों की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

गोविंदपुरी की रिहायशी इमारत में आग लगने से तीन लोगों की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
Share this news

नयी दिल्ली, 12 जून 2026 (भाषा)

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में शुक्रवार तड़के पांच मंजिला आवासीय इमारत में आग लगने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 70 वर्षीय महिला समेत दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

कई निवासी फंसे अंदर

पुलिस के अनुसार, गोविंदपुरी थाने को आग लगने की सूचना रात दो बजकर 31 मिनट पर प्राप्त हुई। आग तुगलकाबाद एक्सटेंशन स्थित एक आवासीय इमारत में लगी थी। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पूर्वी) हेमंत तिवारी ने कहा, ‘‘इमारत में घना धुआं भर जाने के कारण कई निवासी अंदर फंस गए थे जिसके बाद समन्वित बचाव अभियान चलाया गया। इमारत से आठ लोगों को सुरक्षित निकालकर उन्हें उपचार के लिए सफदरजंग अस्पताल और ‘एम्स (अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान) ट्रॉमा सेंटर’ ले जाया गया।’’

मृतकों की पहचान:

  • पंकज (28)
  • मां गुड्डी (50)
  • बहन सोनी (20)

ये सभी इमारत की तीसरी मंज़िल पर रहते थे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने समय रहते दूसरी मंज़िलों पर रहने वाले लोगों को बचा लिया।

दो गंभीर रूप से घायल

पुलिस ने बताया कि परिवार के दो अन्य सदस्य- पंकज की एक और बहन मोनी (18) और उनकी 70 वर्षीय नानी गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका उपचार हो रहा है। प्रारंभिक जांच से संकेत मिला है कि आग संभवत: इमारत के भूतल पर शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।

आवाज सुनकर मैं जागा देखा गाड़ियों में लगी थी आग

राजेंद्र कुमार नामक एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, ‘‘मदद के लिए ज़ोर-ज़ोर से चिल्लाने की आवाज सुनकर मैं जागा और तुरंत बाहर भागा। मैंने देखा कि आग इमारत के अंदर खड़ी दोपहिया गाड़ियों में लगी थी, लेकिन धुआं पूरी इमारत में तेज़ी से फैल गया। लोगों को बाहर निकालने में मदद करने के लिए निवासियों ने पानी की बाल्टियां लेकर एक मानव-श्रृंखला बनाई। थोड़ी देर बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम पहुंची और अंदर फंसे लोगों को बचाने का काम शुरू किया।’’

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements