पन्ना, 13 जून 2026 (भाषा)
मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर बृहस्पतिवार देर रात एक अज्ञात वाहन की टक्कर से 26 वर्षीय एक कांस्टेबल की मौत हो गई जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान अभय श्रीवास के रूप में हुई है और वह अजयगढ़ थाने में तैनात था।
अज्ञात वाहन ने मारी कार को टक्कर
निरीक्षक हरि सिंह ने बताया कि तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने अभय की कार को टक्कर मार दी, जिससे उनकी कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराई। उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। अधिकारी ने बताया कि राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान अभय ने दम तोड़ दिया।
स्मृति वन के पास हुआ हादसा
उन्होंने बताया कि यह हादसा देर रात करीब तीन बजे स्मृति वन के पास उस समय हुआ, जब श्रीवास और उसका मित्र अरविंद सिंह एक रेस्तरां से लौट रहे थे। सिंह ने बताया कि श्रीवास को दो वर्ष पहले अपने पिता के निधन के बाद अनुकंपा नियुक्ति के तहत पुलिस विभाग में नौकरी मिली थी। उन्होंने बताया कि अरविंद सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है।
खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज
अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना में शामिल दूसरे वाहन की पहचान और उसका पता लगाने के लिए क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रही है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

