हाइलाइट्स
| 1. लोकायुक्त का छापा : सेवानिवृत्त पीडब्ल्यूडी इंजीनियर के घर सोना बरामद। 2. 3 करोड़ का सोना और नकदी मिली। 3. भ्रष्टाचार के आरोप में मामला दर्ज। |
भोपाल, 10 अक्टूबर 2025 (भाषा)
लोकायुक्त पुलिस ने बृहस्पतिवार को भोपाल और नर्मदापुरम जिले में मध्यप्रदेश सेवानिवृत्त पीडब्ल्यूडी इंजीनियर के कई परिसरों पर छापे मारे और कई करोड़ रुपये का सोना तथा नकदी बरामद की। इन छापों के दौरान सोना और नकदी के अलावा जमीन के दस्तावेज, वाहन और 17 टन शहद बरामद किया गया।
भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज
भोपाल के लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक डी राठौड़ ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि जीपी मेहरा द्वारा अपने सेवा कार्यकाल के दौरान भ्रष्ट गतिविधियों के जरिए अकूत संपत्ति अर्जित करने की शिकायतों के आधार पर लोकायुक्त के महानिदेशक योगेश देशमुख की देखरेख में छापेमारी की गई।
‘‘सत्यापित सूचना के आधार पर सेवानिवृत्त पीडब्ल्यूडी इंजीनियर के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। अनिवार्य मंजूरी मिलने के बाद छापेमारी की गई। जहां तक शहद का सवाल है, हम इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या वह इसे बेचने के कारोबार में थे।’’
अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी
मणिपुरम कॉलोनी में मेहरा के आवासों और दाना पानी के पास ओपल रीजेंसी, भोपाल के गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में उनके कारखाने केटी इंडस्ट्रीज और नर्मदापुरम जिले की सोहागपुर तहसील के सैनी गांव में उनकी संपत्ति पर एक साथ छापेमारी की गई।
मणिपुरम कॉलोनी : (हाउस नंबर ए-6) पर छापेमारी के दौरान 8.79 लाख रुपये नकद, करीब 50 लाख रुपये के सोने और चांदी के आभूषण, 56 लाख रुपये की सावधि जमा और करीब 60 लाख रुपये के अन्य कीमती सामान और संपत्ति के कई दस्तावेज बरामद किए।
ओपल रीजेंसी : यहां से 26 लाख रुपये नकद, लगभग 3.05 करोड़ रुपये मूल्य का 2.649 किलोग्राम सोना और लगभग 5.93 लाख रुपये मूल्य की 5.523 किलोग्राम चांदी के साथ-साथ संपत्ति से संबंधित दस्तावेज जब्त किए।
केटी इंडस्ट्रीज : तलाशी के दौरान फैक्टरी के उपकरण, कच्चा माल, तैयार माल और स्वामित्व के कागजात बरामद हुए।’’ इस इकाई का स्वामित्व मेहरा के बेटे रोहित और कैलाश नायक के पास है।
सोहागपुर तहसील के सैनी गांव में टीम को 17 टन शहद, छह ट्रैक्टर, उच्च मूल्य वाली कृषि मशीनरी, 32 निर्माणाधीन कॉटेज, सात पूर्ण कॉटेज, दो मछली फार्म, दो गौशालाएं, दो बड़े तालाब और एक मंदिर मिला। कई जमीन और संपत्ति के दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि मेहरा और उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर पंजीकृत फोर्ड एंडेवर, स्कोडा स्लाविया, किआ सोनेट और मारुति सियाज कारों की भी पहचान की गई है, जबकि सावधि जमा, शेयर और बीमा पॉलिसी से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

