नेपाल हिंसा : छतरपुर के करीब 15 लोग काठमांडू में फंसे

नेपाल हिंसा : छतरपुर के करीब 15 लोग काठमांडू में फंसे
Share this news

छतरपुर (मध्यप्रदेश), 11 सितंबर 2025 (भाषा)

नेपाल हिंसा में मध्यप्रदेश के छतरपुर के करीब 15 लोग काठमांडू में फंस गए हैं। ये लोग घूमने और पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन करने नेपाल गए थे जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।


वीडियो भेजकर स्थिति की गंभीरता बताई

काठमांडू के होटल गंगासागर में फंसे छतरपुर निवासी निर्देश अग्रवाल ने एक वीडियो जारी कर बताया कि वे चार व्यापारी परिवारों के साथ नेपाल घूमने आए थे। उन्होंने कहा, ‘‘हम लोग दो गाड़ियों से आए थे। कुल 14 लोग हैं, जिनमें एक से सात साल के पांच बच्चे हैं।’’वे जिस होटल में ठहरे हुए हैं, वहां भोजन नहीं मिल रहा है और वे इधर-उधर से बिस्कुट और अन्य खाद्य पदार्थ लाकर काम चला रहे हैं।


मोहन यादव ने की पोस्ट

इस बीच, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि सभी प्रदेशवासियों की सकुशल घर वापसी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और संकट की इस घड़ी में उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता नागरिकों तक मदद पहुंचाना है। यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मेरे संज्ञान में आया है कि प्रदेश के छतरपुर के कुछ परिवारों के सदस्य नेपाल में हैं। इनकी चिंता करते हुए मैंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। भारत सरकार के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर उनकी कुशल भारत वापसी के लिए प्रयास किये जा रहे हैं।’’


छतरपुर कलेक्टर ने नेपाल में फंसे लोगों से की बात

छतरपुर के कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि नेपाल में फंसे प्रदेश के नागरिकों से उनकी बात हुई है और उन्हें सुरक्षित निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘बृहस्पतिवार से नियमित विमान सेवा शुरू हो जायेंगी। हम भारत सरकार के परामर्श के तहत काम कर रहे हैं।’’ जायसवाल ने बताया कि नेपाल में फंसे छतरपुर के लोगों की संख्या 12 से 15 के बीच है।


विधायक ललिता यादव की आश्वस्ति

छतरपुर से भारतीय जनता पार्टी की विधायक ललिता यादव ने कहा, ‘‘नेपाल में फंसे हमारे जिले के लोगों को लेकर हमें जानकारी मिली है। हमने नेपाल में होटल में फंसे लोगों से बातचीत की है। चूंकि ये सभी लोग हमारे विधानसभा क्षेत्र के हैं, इसलिए हमने मुख्यमंत्री मोहन यादव तक संदेश भिजवाया है। उनका जवाब भी आया है और उन्होंने त्वरित कार्रवाई की बात कही है।’’

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements