देवास/इंदौर, 28 अक्टूबर 2025 (भाषा)
मध्यप्रदेश के देवास जिले में यात्री बस से एक सर्राफा कारोबारी की 1.25 करोड़ रुपये की नकदी चुराए जाने के मामले को सुलझाते हुए पुलिस ने एक आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से यह रकम बरामद की। पुलिस अधीक्षक (एसपी) पुनीत गेहलोद ने संवाददाताओं को बताया कि स्थानीय पुलिस की मदद से धार जिले से गिरफ्तार आरोपी की पहचान नामदार खान (35) के रूप में हुई है।
खान और उसके एक साथी ने 17 अक्टूबर को देवास जिले में एक यात्री बस से 1.25 करोड़ रुपये की नकदी से भरा बैग चुरा लिया था। गेहलोद ने बताया,‘‘यह नकदी छतरपुर जिले के सर्राफा कारोबारी आशीष गुप्ता ने अपने मुनीम नितेश कुमार सेन के हाथों इंदौर भिजवाई थी। इस रकम के जरिये सर्राफा कारोबारी के प्रतिष्ठान के लिए दीपावली से पहले सोना-चांदी खरीदा जाना था।’’
देवास जिले के सोनकच्छ थाना क्षेत्र के एक रेस्तरां पर जब यात्री बस सवारियों के चाय-नाश्ते के लिए रुकी, तो सर्राफा कारोबारी का मुनीम बस से उतर गया जिसका फायदा उठाते हुए खान और उसके एक साथी ने नकदी से भरा बैग चुरा लिया और कार से फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि खान के कब्जे से चोरी की 1.25 करोड़ रुपये की नकदी बरामद की गई है और उसके साथी की तलाश की जा रही है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

