इंदौर (मध्यप्रदेश), 31 जनवरी 2026 (भाषा)
कांग्रेस ने शुक्रवार को दावा किया कि इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में अब तक कुल 31 लोगों को दूषित पेयजल से फैले उल्टी-दस्त के प्रकोप के कारण जान गंवानी पड़ी है। प्रमुख विपक्षी दल ने कहा कि वह विधानसभा के अगले सत्र में इन मौतों को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को घेरेगा।
अब तक 31 निर्दोष नागरिकों की मौत : जीतू पटवारी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अपने गृहनगर इंदौर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘भागीरथपुरा में दूषित पेयजल से फैले उल्टी-दस्त के प्रकोप के कारण अब तक 31 निर्दोष नागरिकों की मौत हो चुकी है।’’ पटवारी ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा, ‘‘सूबे के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने विजयवर्गीय से अब तक इस्तीफा नहीं लिया है। भागीरथपुरा में हुई मौतों का हिसाब लेना विपक्षी दल होने के नाते हमारा दायित्व है। विधानसभा के अगले सत्र में हम इन मौतों का मुद्दा उठाकर प्रदेश सरकार से जवाब मांगेंगे।’’
मौत के आंकड़े को लेकर बनी विरोधाभासी स्थिति
भागीरथपुरा में दूषित पेयजल से लोगों की मौत के वास्तविक आंकड़े को लेकर शुरुआत से ही विरोधाभासी स्थिति बनी हुई है। स्थानीय अधिकारी इस आंकड़े के बारे में स्थिति स्पष्ट करने से बच रहे हैं। मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय की इंदौर पीठ में 27 जनवरी को राज्य सरकार की पेश ‘डेथ ऑडिट’ रिपोर्ट में संभावना जताई गई थी कि भागीरथपुरा में 16 लोगों की मौत का संबंध इस इलाके में दूषित पेयजल के कारण फैले उल्टी-दस्त के प्रकोप से हो सकता है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

