मप्र में कोरोना वायरस के आठ नए मामले, मरीजों की तादाद 47 हुई

सांकेतिक तस्वीर
Share this news

इंदौर, 30 मार्च मध्यप्रदेश में आठ और मरीजों में कोरोना वायरस संक्रमण की सोमवार को पुष्टि की गई। इसके साथ ही, सूबे में इस संक्रमण की जद में आए लोगों की संख्या बढ़कर 47 हो गई है। इनमें से दो लोगों की मौत की पहले ही पुष्टि की जा चुकी है।  शासकीय महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय की डीन ज्योति बिंदल ने पीटीआई-भाषा को बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण के नए मरीजों में इंदौर के सात मरीज और पड़ोस के उज्जैन का एक मरीज शामिल हैं।

पिछले 24 घंटे में यहां कोरोना वायरस संक्रमित किसी मरीज की मौत के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि वह पूरा रिकॉर्ड जांचने के बाद ही इस बारे में कोई टिप्पणी कर सकेंगी। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अब तक मिली रिपोर्टों के मुताबिक सूबे में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों में इंदौर के 27, जबलपुर के आठ, उज्जैन के पांच, भोपाल के तीन और शिवपुरी एवं ग्वालियर के दो-दो मरीज शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि फिलहाल इनमें से 45 लोग प्रदेश के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं, जबकि दो अन्य लोगों की मौत हो चुकी है। मरने वालों में इंदौर का एक निवासी और उज्जैन की एक महिला है। ये दोनों मरीज 65-65 साल के थे और उन्होंने इंदौर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा। (भाषा)

About Post Author


Share this news
Advertisements