हाईलाइट्स
| 1 एजाज खान ने गैंगस्टर सलमान लाला की मौत पर दिया था भड़काऊ भाषण। 2 एक्टर ने माफी मांगी हुए कहा कि सलमान लाला अपराधी था । 3 पुलिस का नोटिस मिलते ही एजाज बैकफुट पर आ गया और माफी मांगी। |
इंदौर (मध्यप्रदेश), 12 सितंबर 2025 (भाषा)
अभिनेता एजाज खान ने इंदौर के कुख्यात गैंगस्टर सलमान लाला की मौत के बारे में सोशल मीडिया पर डाले गए अपने विवादास्पद वीडियो को लेकर मामला दर्ज होने के बाद बृहस्पतिवार को पुलिस से माफी मांगी। खान ने दावा किया कि उन्होंने इस गैंगस्टर की पृष्ठभूमि के बारे में ‘गलत जानकारी’ दिए जाने पर यह वीडियो बनाया था।
एजाज खान ने शेयर किया नया वीडियो
अपने इंस्टाग्राम खाते पर बृहस्पतिवार को डाले गए नये वीडियो में खान ने कहा,‘‘मध्यप्रदेश के लोगों ने पहले मुझे फोन करके गलत सूचना दी थी कि सलमान लाला एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर था। बाद में मुझे मध्यप्रदेश पुलिस और दूसरे लोगों से पता चला कि वह एक वांछित अपराधी था और उसकी मौत डूबने से हुई थी।”
एजाज खान ने पुलिस से मांगी माफी
रियलिटी टीवी शो ‘बिग बॉस 7’ में नजर आ चुके एजाज खान ने कहा कि लाला की पृष्ठभूमि के बारे में हकीकत पता चलते ही उन्होंने अपना ‘गलत वीडियो’ फौरन डिलीट कर दिया था। खान ने कहा,”मैं इस वीडियो के लिए पुलिस से माफी चाहता हूं।’’ उन्होंने कहा कि वह संविधान पर बड़ा यकीन रखते हैं और अपने खिलाफ दर्ज मामले की जांच में पुलिस का पूरा सहयोग करेंगे। खान ने कहा,‘‘किसी अपराधी का कोई धर्म नहीं होता। अपराधी सिर्फ अपराधी होता है।’’
एजाज ने शेयर किया था वीडियो
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने बताया कि स्थानीय निवासी इरशाद हकीम की शिकायत पर एजाज खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबद्ध धाराओं के तहत नौ सितंबर (मंगलवार) को मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने शिकायत के हवाले से बताया कि खान ने गैंगस्टर सलमान लाला की मौत के बारे में अपने इंस्टाग्राम खाते पर ‘स्टोरी’ के जरिये खुद का वीडियो साझा किया था। दंडोतिया के मुताबिक सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित इस वीडियो में खान ने ऐसी आपत्तिजनक बातें कहीं जिनसे दो समुदायों के बीच नफरत और दुश्मनी फैल रही है।
स्थानीय पुलिस ने विवादास्पद वीडियो में कही गईं बातों के आधार पर 44 वर्षीय अभिनेता के खिलाफ दो समुदायों के आपसी सद्भाव पर प्रतिकूल असर डालने और अन्य गंभीर आरोपों में मामला दर्ज किया है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

