इंदौर (मध्यप्रदेश), 12 सितंबर 2025 (भाषा)
सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने शुक्रवार को कहा कि निर्वाचन आयोग चुनावी धांधलियों को लेकर उनकी पार्टी के दिए प्रमाणों पर जांच नहीं कर रहा है।
कांग्रेस जनता की लड़ाई लड़ रही : सचिन पायलट
पायलट ने इंदौर के हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘वोट चोरी के खिलाफ राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस जनता की लड़ाई लड़ रही है। समूचे देश में हम उन लोगों (भाजपा) के खिलाफ अभियान चला रहे हैं जिन्होंने वोट चोरी की है। इस सिलसिले में निर्वाचन आयोग को प्रमाण भी दिए गए हैं, लेकिन कोई भी जांच नहीं हो रही है।’’
पायलट ने बोला केंद्र सरकार पर हमला
उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं को निरंतर खोखला किया जा रहा है और जनता से उसका वोट का सबसे बड़ा अधिकार जान-बूझकर छीना जा रहा है। पायलट, उज्जैन में कांग्रेस की शुक्रवार को आयोजित ‘किसान न्याय यात्रा’ में हिस्सा लेने आए थे। उज्जैन, राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव का गृहनगर और निर्वाचन क्षेत्र है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

