इंदौर, 14 अगस्त 2025 (भाषा)
भारत से आयातित वस्तुओं पर अमेरिका के घोषित उच्च शुल्क के खिलाफ विरोध जताते हुए मध्यप्रदेश के कई स्थानों पर किसानों ने बुधवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पुतले फूंके। यह विरोध प्रदर्शन संयुक्त किसान मोर्चा और केंद्रीय श्रम संगठनों के अखिल भारतीय आह्वान पर किया गया।
संयुक्त किसान मोर्चा की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष बादल सरोज के मुताबिक कृषकों ने राज्य के करीब 40 जिलों में ट्रंप के खिलाफ प्रदर्शन किया और कई स्थानों पर अमेरिकी राष्ट्रपति के पुतले जलाए गए।
उन्होंने कहा,‘‘भारत से आयातित वस्तुओं पर ट्रंप का घोषित उच्च शुल्क भारतीय किसानों और मजदूरों के हितों के सरासर खिलाफ है। ट्रंप अमेरिकी माल को भारत में किसी भी तरह खपाना चाहते हैं, जबकि भारत से उनके देश को होने वाले निर्यात को रोकना चाहते हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस तरह की अनुचित सौदेबाजियां नहीं होनी चाहिए।”
सरोज ने कहा,‘‘हम नहीं चाहते कि अमेरिका के साथ ऐसा कोई भी व्यापार समझौता किया जाए जिससे भारतीय किसानों और मजदूरों के हितों के हितों पर विपरीत प्रभाव पड़े।’’
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

