इंदौर, 19 सितंबर 2025 (भाषा)
मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक विधायक के परिवार के संचालित निजी ट्रैवल्स की यात्री बस ने चार लोगों को कुचला जिससे एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई।
कांग्रेस ने लगाया भाजपा पर आरोप
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भाजपा के दबाव में पुलिस ने बस चालक के खिलाफ कमजोर कानूनी प्रावधानों में मामला दर्ज किया है। भाजपा ने इस आरोप को खारिज किया है। उन्होंने कहा, “बस के चालक पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाना चाहिए। भाजपा विधायक के परिवार के ट्रैवल्स की तेज रफ्तार बसों के कारण इंदौर-उज्जैन रोड पर पहले भी गंभीर हादसे हो चुके हैं।”
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता आलोक दुबे ने कांग्रेस के आरोपों को नकारते हुए कहा, “राज्य सरकार हमेशा निष्पक्ष कदम उठाती है। कांग्रेस सड़क हादसे की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के राजनीतिकरण का कुत्सित प्रयास कर रही है।”
बस की टक्कर से गई 4 की जान
सांवेर पुलिस थाने के प्रभारी जीएस महोबिया ने बताया कि इंदौर-उज्जैन रोड पर बुधवार देर रात एक निजी ट्रैवल्स की यात्री बस की टक्कर से महेंद्र सोलंकी (35), उनकी पत्नी जयश्री सोलंकी (33) और इस दम्पति के दो बेटों-पांच वर्षीय जिगर और तेजस (14) की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि भीषण हादसे के वक्त ये चारों लोग एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे।
आरोपी पर मामला दर्ज
थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे के बाद फरार अज्ञात बस चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 (सार्वजनिक मार्ग पर लापरवाही से वाहन चलाना), धारा 125 (ए) (किसी व्यक्ति की जान को जान-बूझकर खतरे में डालने वाला काम) और धारा 106 (1) (लापरवाही से वाहन चलाने के कारण मृत्यु) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि यह बस भाजपा के स्थानीय विधायक राकेश गोलू शुक्ला के परिवार के संचालित निजी ट्रैवल्स की है। चश्मदीदों के मुताबिक बाणेश्वरी ट्रैवल्स की इस बस के पीछे ‘गोलू’ भी लिखा है। हादसे की भीषणता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

