कोविड-19 : इंदौर में संक्रमितों की संख्या 4,191 पर पहुंची, अब तक 185 मरीजों की मौत

सांकेतिक तस्वीर
Share this news

इंदौर, 18 जून (भाषा) देश में कोविड-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में पिछले 24 घंटे के दौरान इस महामारी के 57 नए मामले मिले हैं। इसके साथ ही जिले में संक्रमितों की कुल तादाद 4,134 से बढ़कर 4,191 हो गई है।

स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया, हमें पिछले 24 घंटे के दौरान 2,266 नमूनों की जांच में कोविड-19 के 57 नए मरीज मिले हैं।

अधिकारी ने यह भी बताया कि कोविड-19 से संक्रमित होने के बाद शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान 76 वर्षीय महिला समेत तीन और मरीजों की मौत हो गई। बहरहाल, स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस बात का खुलासा नहीं किया गया है कि इन मरीजों की मौत किस तारीख को हुई।

मौत के तीन नए मामलों का ब्योरा दिए जाने के बाद जिले में कोविड-19 की चपेट में आकर दम तोड़ने वाले मरीजों की तादाद बढ़कर 185 पर पहुंच गई है। अधिकारी ने बताया कि इलाज के बाद कोविड-19 के संक्रमण से मुक्त होने पर अब तक जिले के 3,131 लोगों को अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।

सरकारी आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि जिले में मरीजों के उपचार के बाद उनके इस महामारी से उबरने की दर ‘रिकवरी रेट’ बृहस्पतिवार सुबह की स्थिति में 74.7 प्रतिशत थी, जबकि संक्रमितों की मृत्यु दर 4.4 फीसद दर्ज की गई।

जिले में कोविड-19 के मरीजों की मृत्यु दर लम्बे समय से राष्ट्रीय औसत के मुकाबले ज्यादा बनी हुई है। इस महामारी का प्रकोप कायम रहने के कारण इंदौर जिला अब भी रेड जोन में ही है। जिले में इस प्रकोप की शुरूआत 24 मार्च से हुई, जब पहले चार मरीजों में इस महामारी की पुष्टि हुई थी।

About Post Author


Share this news
Advertisements