इंदौर (मध्यप्रदेश), 22 नवंबर 2025 (भाषा)
इंदौर के एक शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के एमबीबीएस पाठ्यक्रम के चार छात्रों को रैगिंग के दौरान कनिष्ठ विद्यार्थियों को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप में शुक्रवार को एक माह के लिए निलंबित कर दिया गया।
शासकीय महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के एमबीबीएस पाठ्यक्रम की 2025 बैच के पीड़ित छात्रों ने इस पाठ्यक्रम की 2024 बैच के विद्यार्थियों के खिलाफ विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की रैगिंग निरोधक हेल्पलाइन को शिकायत की थी।
सीनियरों ने जूनियरों को फ्लैट पर बुलाया
उन्होंने बताया कि इस शिकायत में आरोप लगाया गया था कि एमबीबीएस पाठ्यक्रम के वरिष्ठ विद्यार्थियों ने कनिष्ठ छात्रों को अपने निजी फ्लैट में बुलाया और उनके साथ मारपीट व अभद्र बर्ताव करते हुए उन्हें सिगरेट और शराब पीने के लिए मजबूर किया। रैगिंग पीड़ित छात्रों ने अपनी शिकायत में यह आरोप भी लगाया था कि वरिष्ठ विद्यार्थियों ने उन्हें इस फ्लैट में तीन घंटे तक जबरन रोककर रखा।
चार विद्यार्थियों को किया एक माह के लिए निलंबित
महाविद्यालय के अधिष्ठाता (डीन) डॉ. अरविंद घनघोरिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि संस्थान की रैगिंग निरोधक समिति की जांच में कनिष्ठ छात्रों की शिकायत सही पाई गई। उन्होंने बताया,‘‘रैगिंग निरोधक समिति की सिफारिश पर एमबीबीएस पाठ्यक्रम के द्वितीय वर्ष के चार विद्यार्थियों को एक माह के लिए निलंबित कर दिया गया है।’’
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

