इंदौर (मध्यप्रदेश) (भाषा) बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की कड़ियां जोड़ने के लिए मेघालय पुलिस का एक दल मंगलवार को इंदौर में एक फ्लैट में पहुंचा जिसमें इस वारदात के बाद मुख्य आरोपी सोनम के कुछ दिन तक छिपने का संदेह है। मध्यप्रदेश पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘मेघालय पुलिस का एक दल शहर के देवास नाका क्षेत्र के एक फ्लैट में पहुंचा और इसमें जांच की। हमें सूचना मिली है कि मेघालय में राजा रघुवंशी की हत्या किए जाने के बाद उनकी पत्नी सोनम फरार रहने के दौरान इस फ्लैट में कुछ दिन तक छिपी थी। वह बाद में उत्तर प्रदेश चली गई थी जहां से उसे गिरफ्तार किया गया था।’’
उन्होंने संकेत दिया कि मेघालय पुलिस का दल जांच के लिए आरोपियों के इंदौर स्थित घरों में भी पहुंच सकता है।
मेघालय पुलिस का दल मंगलवार रात राजा रघुवंशी के सहकार नगर स्थित घर पहुंचा और उनके परिजनों के बयान दर्ज किए।
राजा के बड़े भाई विपिन रघुवंशी ने बताया, ‘‘मेघालय पुलिस का तीन सदस्यीय दल हमारे घर करीब आधे घंटे तक रहा। दल ने हमसे सोनम के बर्ताव के बारे में सवाल किए। हमसे यह भी पूछा गया कि शादी के बाद सोनम हमारे घर कितने दिन रुकी थी।’’
इंदौर में संपत्ति प्रबंधन की एक फर्म चलाने वाले कारोबारी शिलोम जेम्स ने चार दिन पहले खुद सामने आकर दावा किया था कि राजा रघुवंशी की हत्या के पांच गिरफ्तार आरोपियों में शामिल विशाल चौहान ने 30 मई को उनसे मुलाकात करके शहर के देवास नाका क्षेत्र में 17,000 रुपये प्रति माह पर एक फ्लैट किराए पर लिया था और इसके लिए अनुबंध पर दस्तखत भी किए थे।

