इंदौर, 17 सितंबर 2026 (भाषा)
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद पहली बार मध्यप्रदेश पहुंचे नितिन नवीन का बृहस्पतिवार को इंदौर में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।
समर्थकों में दिखा भारी उत्साह, सीएम भी रहे मौजूद
स्वागत रैली के दौरान नवीन ने खास तौर पर सजाए गए चार पहिया वाहन में सवार होकर भाजपा कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी उनके साथ मौजूद थे।
50 लाख जमीनों की होगी फ्री रजिस्ट्री
राज्य के दो दिवसीय दौरे पर आए नवीन बृहस्पतिवार को राज्य सरकार की ‘स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना’ की इंदौर से औपचारिक शुरुआत करेंगे। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन और निर्वाचित जन प्रतिनिधि के तौर पर उनके 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि देश में अपनी तरह की पहली योजना के तहत ग्रामीणों की लगभग 50 लाख निजी संपत्तियों के अधिकार अभिलेखों का निःशुल्क पंजीयन किया जाएगा।
25 लाख दीपों से जगमगाएगी उज्जैन नगरी
भाजपा अध्यक्ष नवीन बृहस्पतिवार को उज्जैन में क्षिप्रा नदी की आरती और ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में भी भाग लेंगे जहां करीब 25 लाख दीप जलाए जाएंगे। वह शुक्रवार को महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती में शामिल होंगे।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

