इंदौर में पुलिस ने 13 वर्षीय लड़के की हत्या के आरोप में दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया

Share this news

इंदौर (मध्यप्रदेश), 01 फ़रवरी 2026 (भाषा)

मध्यप्रदेश के इंदौर में 13 वर्षीय लड़के की हत्या के आरोप में पुलिस ने शनिवार को 21 वर्षीय युवक और एक नाबालिग लड़के को हिरासत में लिया। आशंका है कि अप्राकृतिक कृत्य की कोशिश के दौरान शोर मचाने पर लड़के की हत्या की गई।

लोहे की पलंग पेटी से बरामद किया गया शव

एमआईजी पुलिस थाने के प्रभारी सी बी सिंह ने बताया कि श्रीनगर कांकड़ इलाके में शुक्रवार रात से लापता 13 वर्षीय लड़के का शव उसके घर के पास की रिहायशी इमारत के एक फ्लैट में रखी लोहे की पलंग पेटी (ऐसा पलंग जिसके भीतर सामान रखने की जगह होती है) के भीतर से बरामद किया गया।

दो लोगों को लिया हिरासत में

नाबालिग लड़के की हत्या के मामले में 21 वर्षीय युवक और एक नाबालिग लड़के को हिरासत में लिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि जिस फ्लैट में नाबालिग लड़के का शव मिला, वह 21 वर्षीय युवक का है और ये दोनों पड़ोसी होने के नाते आपस में पहले से परिचित थे।

सिंह ने बताया कि पुलिस को संदेह है कि नाबालिग लड़के की हत्या अप्राकृतिक कृत्य की कोशिश के विरोध के दौरान शोर मचाने पर की गई। थाना प्रभारी ने बताया, ‘‘मौके के मुआयने से यह बात सामने आयी है कि लड़के के सिर पर पहले ईंट से हमला किया गया और उसके अधमरा होने पर नायलॉन की रस्सी से उसका गला घोंट दिया गया।’’ उन्होंने बताया कि लड़के के शव की विस्तृत पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है और मामले की तमाम पहलुओं पर जांच जारी है।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements