मध्यप्रदेश में गायों की हालत कुत्तों से भी बदतर हो गई है : कंप्यूटर बाबा

मध्यप्रदेश में गायों की हालत कुत्तों से भी बदतर हो गई है : कंप्यूटर बाबा
Share this news

इंदौर, 24 सितंबर 2025 (भाषा)

धार्मिक नेता कंप्यूटर बाबा ने गोरक्षा के मुद्दे को लेकर मध्यप्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए मंगलवार को दावा किया कि राज्य में गायों की हालत कुत्तों से भी बदतर हो गई है। उन्होंने इंदौर में संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहा कि यह स्थिति बड़ी विडम्बनापूर्ण है कि राज्य में ‘गो माता’ की स्थिति कुत्तों से भी बदतर हो गई है।

गो माता आंगन से सड़क पर आ गई : कंप्यूटर बाबा

कंप्यूटर बाबा ने कहा, ‘‘कुत्ते तो सड़क से (लोगों के घरों के) बेडरूम तक पहुंच गए हैं, पर गो माता आंगन से सड़क पर आ गई है और राज्य सरकार मूकदर्शक बन कर बैठी है।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि सूबे में सरकारी अनदेखी के कारण गायें सड़कों पर तड़प-तड़प कर मरने को मजबूर है।

गो माता न्याय यात्रा

धार्मिक नेता ने राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव से अनुरोध किया कि उन्हें गोरक्षा के मुद्दे पर संतों के प्रतिनिधिमंडल को चर्चा का समय देना चाहिए। कंप्यूटर बाबा ने बताया कि संत समुदाय अपने तय कार्यक्रम के मुताबिक सात अक्टूबर से 14 अक्टूबर तक ‘गो माता न्याय यात्रा’’ निकालेगा और हजारों गायों के साथ नर्मदापुरम से भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच करेगा।

जानिए कौन है कंप्यूटर बाबा

वैष्णव संप्रदाय (अपने इष्ट देव के रूप में भगवान विष्णु को पूजने वाले हिंदू मतावलम्बी) से ताल्लुक रखने वाले कंप्यूटर बाबा का असली नाम नामदेव दास त्यागी है। उन्हें प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस की पिछली सरकारों ने अलग-अलग निकायों में शामिल करते हुए राज्य मंत्री के दर्जे से नवाजा था। ये निकाय नर्मदा, क्षिप्रा और मन्दाकिनी सरीखी नदियों की हिफाजत के साथ ही जल संरक्षण तथा स्वच्छता के विषयों पर जन जागरुकता फैलाने के लिए गठित किए गए थे।

2020 में कंप्यूटर बाबा गए थे जेल

पुलिस और प्रशासन के दल ने इंदौर शहर से सटे जम्बूर्डी हप्सी गांव में सरकारी जमीन पर बने बाबा के आश्रम को अवैध बताकर आठ नवंबर 2020 को जमींदोज कर दिया था। इसके साथ ही, उन्हें गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था।मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के एक आदेश के बाद कंप्यूटर बाबा को 19 नवंबर 2020 को जेल से रिहा किया गया था।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements