इंदौर में मोटरसाइकिल चालक ने हेलमेट की जगह पहना दूध की टंकी का ढक्कन, पेट्रोल पंप सील

इंदौर में मोटरसाइकिल चालक ने हेलमेट की जगह पहना दूध की टंकी का ढक्कन, पेट्रोल पंप सील
Share this news

इंदौर (मध्यप्रदेश), 06 अगस्त 2025 (भाषा)

इंदौर के एक पेट्रोल पंप पर सामने आई अजीबो-गरीब घटना में एक व्यक्ति अपने सिर पर हेलमेट की जगह दूध की टंकी का ढक्कन पहन कर मोटरसाइकिल में ईंधन भरवाता नजर आया जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद ‘हेलमेट नहीं, तो पेट्रोल नहीं’ प्रतिबंधात्मक आदेश के उल्लंघन के कारण पेट्रोल पंप को सील कर दिया गया है।


हेलमेट की जगह पहना दूध की टंकी का ढक्कन

यह घटना शहर के पालदा क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर हाल में हुई, जब दूध बेचने वाले एक व्यक्ति ने अपनी मोटरसाइकिल पर लगी दूध की लोहे की टंकी का ढक्कन निकाला और इसे हेलमेट की तरह सिर पर पहनकर ईंधन भरवाया। पेट्रोल पंप की एक महिला कर्मचारी ने दूध विक्रेता की इस हरकत की अनदेखी करते हुए उसके दोपहिया वाहन में ईंधन डाल दिया। इस घटना को किसी व्यक्ति ने अपने कैमरे में कैद कर लिया और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो प्रसारित होने से प्रशासन की खासी किरकिरी हो रही है और लोग घटना को लेकर तरह-तरह के मजाक बना रहे हैं।


प्रशासन ने किया पेट्रोल पंप सील

तहसीलदार एसएस जारोलिया ने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘सोशल मीडिया के इस वीडियो के आधार पर हमने मौके पर पहुंच कर जांच की, तो घटना सही पाई गई। दोपहिया वाहन चालकों को बिना हेलमेट के पेट्रोल नहीं दिए जाने के प्रशासन के प्रतिबंधात्मक आदेश के उल्लंघन पर पेट्रोल पंप को सील कर दिया गया है।’’

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements