इंदौर, 26 अक्टूबर 2025 (भाषा)
आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप में हिस्सा ले रही ऑस्ट्रेलिया की दो महिला क्रिकेटरों का मध्यप्रदेश के इंदौर में पीछा किया गया और उनमें से एक के साथ मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति ने छेड़छाड़ की।
खजराना रोड का है मामला
पुलिस ने खजराना रोड इलाके में बृहस्पतिवार सुबह हुई इस घटना के आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उपनिरीक्षक निधि रघुवंशी ने बताया कि दोनों क्रिकेटर अपने होटल से बाहर निकलीं और एक कैफे की ओर जा रही थीं, तभी मोटरसाइकिल पर सवार एक व्यक्ति ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। रघुवंशी के मुताबिक, उस व्यक्ति ने उनमें से एक क्रिकेटर को गलत तरीके से छुआ और भाग गया।
तुरंत पहुंची पुलिस टीम घटनास्थल पर
दोनों क्रिकेटर ने अपने टीम सुरक्षा अधिकारी डैनी सिमंस से संपर्क किया और अपनी ‘लोकेशन’ साझा की, जिन्होंने स्थानीय सुरक्षा संपर्क अधिकारियों के साथ समन्वय किया। प्राथमिकी के मुताबिका साझा की गयी ‘लाइव लोकेशन’ के आधार पर पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच सकी।
सहायक पुलिस आयुक्त हिमानी मिश्रा ने दोनों खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनके बयान दर्ज किए। एमआईजी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 (महिला का गरिमा भंग करने के लिए आपराधिक बल प्रयोग) और धारा 78 (पीछा करना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
आरोपी अकील हुआ गिरफ्तार
अधिकारी ने बताया कि एक राहगीर ने संदिग्ध की मोटरसाइकिल का नंबर नोट कर लिया, जिसके आधार पर आरोपी अकील खान को पकड़ लिया गया। उन्होंने कहा, “खान के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और मामले की जांच जारी है।”
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

