मर्चेंट नेवी अफसर बनकर महिला से 27 लाख रुपये की ठगी, रूस भागने की कोशिश में आरोपी गिरफ्तार

मर्चेंट नेवी अफसर बनकर महिला से 27 लाख रुपये की ठगी, रूस भागने की कोशिश में आरोपी गिरफ्तार
Share this news

इंदौर (मध्यप्रदेश), 30 जून 2026 (भाषा)

इंदौर में पुलिस ने वैवाहिक वेबसाइट पर खुद को मर्चेंट नेवी का अफसर बताकर एक महिला से 27 लाख रुपये की ठगी के बाद रूस भागने की कोशिश कर रहे 29 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

उत्तर प्रदेश का निवासी है आरोपी

पुलिस उपायुक्त (अपराध निरोधक शाखा) राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दिल्ली से गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेन्द्र कुमार छोनकर उर्फ जीतू (29) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि छोनकर उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के जेवर क्षेत्र का निवासी है।

रूस जाने की कोशिश कर रहा था आरोपी

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आरोपी 27 जून को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रूस जाने की कोशिश कर रहा था। उन्होंने बताया, “हवाई अड्डे पर आप्रवासन जांच के दौरान छोनकर के खिलाफ दर्ज शिकायत की जानकारी सामने आने पर अधिकारियों ने उसे रोक लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।’’

क्या है मामला ?

त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी ने एक वैवाहिक वेबसाइट पर इंदौर की एक महिला से संपर्क किया था और खुद को मर्चेंट नेवी अफसर बताया था। उन्होंने कहा कि छोनकर ने महिला को तौर पर शादी का झांसा दिया और अलग-अलग बहानों से उससे 26.86 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस उपायुक्त के मुताबिक आरोपी ने एक बार खुद को रक्त कैंसर से पीड़ित बताकर इलाज के नाम पर भी महिला से धनराशि ली। उन्होंने बताया, ‘‘हमें जांच में यह भी पता चला कि छोनकर रूस की राजधानी मॉस्को में निर्माण कार्य में लगे मजदूरों के सुपरवाइजर के रूप में काम कर चुका है।”

मामला दर्ज, पूछताछ जारी

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबद्ध धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और उससे विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements