पश्चिम बंगाल के हल्दिया में नेफ्था पाइपलाइन में भीषण आग, 20 से अधिक लोग घायल

Share this news

हल्दिया, 30 जून 2026 (भाषा)

पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले में हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स लिमिटड की नेफ्था पाइपलाइन में भीषण आग लगने से 20 से अधिक लोग घायल हो गए।

कई घर जलकर खाक

अधिकारियों के अनुसार, आग लगने की सूचना सोमवार देर रात करीब 2.45 बजे मिली। उन्होंने बताया कि यह तेजी से हल्दिया नगर पालिका के वार्ड-13 स्थित चिरंजीबपुर इलाके तक फैल गई, जिससे कई घर जलकर खाक हो गए। पुलिस ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 12 गाड़ियों को मौके पर तैनात किया गया है। आग बुझाने का अभियान अब भी जारी है।

घटना में 20 से अधिक लोग घायल

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, “आग की इस घटना में 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें अधिकांश स्थानीय निवासी हैं। इनमें से पांच की हालत गंभीर है। कुछ घायलों का इलाज यहीं किया जा रहा है, जबकि कुछ को कोलकाता के अस्पतालों में रेफर किया गया है।” उन्होंने बताया कि घायलों में कंपनी के दो सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं।

अधिकारी ने बताया कि सभी घायलों को पहले हल्दिया उपमंडलीय अस्पताल ले जाया गया था। बाद में उनमें से पांच को तामलुक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया। उन्होंने कहा, “करीब 10 घायलों को कोलकाता के सरकारी एसएसकेएम अस्पताल और एनआरएस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अलावा शहर के दो निजी अस्पतालों में भी भर्ती कराया जा रहा है।”

आग पर काफी हद तक काबू

पुलिस के अनुसार, आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है। अधिकारी ने कहा, “दमकलकर्मी आग बुझाने के लिए ‘फोम’ और ‘फ्लाई ऐश’ का इस्तेमाल कर रहे हैं। संभवत: जल्द ही आग पूरी तरह बुझा ली जाएगी।”

रिसाव के कारण आग लगने की आशंका

उन्होंने कहा, “हमें आशंका है कि नेफ्था पाइपलाइन में रिसाव के कारण आग लगी, लेकिन औपचारिक जांच के बाद ही इसकी वास्तविक वजह का पता चल सकेगा।”

रेल सेवा प्रभावित

अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल के पास रेलवे की ओवरहेड विद्युत लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे रेल सेवाएं प्रभावित हुई हैं।

क्या होता है नैफ्था?

कंपनी ने बताया कि नेफ्था अत्यधिक ज्वलनशील हाइड्रोकार्बन है और एचपीएल स्थानीय लोगों को पेट्रोलियम उत्पादों तक अनधिकृत पहुंच या उनके साथ छेड़छाड़ से जुड़े सुरक्षा जोखिमों के प्रति पहले भी कई बार आगाह कर चुका है। कंपनी ने कहा, “जांच पूरी होने से पहले इस घटना पर कोई टिप्पणी करना या किसी की जिम्मेदारी तय करना जल्दबाजी होगी।”

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements