मथुरा (उप्र), 30 जून 2026 (भाषा)
मथुरा जिले के राया थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक डबल-डेकर बस के एक कंटेनर ट्रक से टकराने से बस के ड्राइवर, कंडक्टर और क्लीनर समेत चार लोगों की मौत हो गई और लगभग 27 अन्य यात्री घायल हो गए।
लखनऊ से दिल्ली की तरफ जा रही थी बस
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने बताया कि यह हादसा सुबह करीब चार बजे राया थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे पर 111वें और 112वें किलोमीटर के बीच हुआ। इस हादसे में लखनऊ से आ रही बस एक्सप्रेसवे पर अपने आगे चल रहे एक कंटेनर से टकरा गई।
ड्राइवर की जगह कंडक्टर चला रहा था गाड़ी
कुमार ने कहा, “शुरुआती जांच और घायल यात्रियों के बयानों से पता चलता है कि हादसे के समय बस को अधिकृत ड्राइवर नहीं चला रहा था। इसके बजाय, कंडक्टर स्टीयरिंग पर था और तेज़ रफ़्तार से गाड़ी चला रहा था।” उन्होंने बताया कि कंटेनर अपनी तय लेन में चल रहा था, तभी तेज़ रफ़्तार बस अचानक मुड़ी और पीछे से उससे टकरा गई। एसएसपी ने कहा कि हादसे की सही वजहों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं।
मृतकों की पहचान
- बस ड्राइवर
- कंडक्टर
- क्लीनर
- एक यात्री
घायलों को ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने उनसे मुलाकात की।
अस्पताल में चल रहा इलाज
कुमार ने बताया कि पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी घायलों के इलाज की देखरेख कर रहे हैं, साथ ही उनकी आगे की सुरक्षित यात्रा के लिए भी इंतज़ाम किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी यात्रियों के परिवारों को सूचित कर दिया गया है। एसएसपी ने कहा, “किसी भी घायल की हालत गंभीर नहीं है। उनमें से दो को फ्रैक्चर हुआ है और उन्हें हर संभव बेहतर इलाज दिया जा रहा है।”
अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

