जबलपुर, 06 अक्टूबर 2025 (भाषा)
मध्यप्रदेश के जबलपुर शहर में विसर्जन के लिए देवी दुर्गा की मूर्ति ले जा रहे एक ट्रक के हाई-टेंशन बिजली के तार की चपेट में आने से मूर्ति विसर्जन के दौरान करंट लगने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।
10 से 15 लोग करंट लगने से घायल
जबलपुर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अंजना तिवारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि घटना रविवार देर रात गौरा बाजार इलाके में हुई जब मूर्ति ले जा रहे ट्रक का एक पाइप बिजली के तार के संपर्क में आ गया, जिससे करंट फैल गया। एएसपी ने बताया कि शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई और 10 से 15 लोग करंट लगने से घायल हो गए। हालांकि, सरकारी विक्टोरिया अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर नितिन यादव ने पीटीआई-भाषा को बताया कि कुल 35 लोगों को अस्पताल लाया गया है।
घायलों में से दो की मौत
घायलों में से दो की मौत हो गई, जबकि 33 अन्य को आईसीयू (गहन चिकित्सा इकाई) समेत विभिन्न वार्ड में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। घायलों की हालत स्थिर है।
कैसे हुआ हादसा?
गौरा बाजार थाना क्षेत्र के टेमर भीटा इलाके में नवरात्रि उत्सव के लिए स्थापित मूर्ति को रविवार रात विसर्जन के लिए ले जाया जा रहा था। मूर्ति ले जा रहे ट्रक में सजावट के लिए लोहे के खंभे लगे हुए थे। एक प्रत्यक्षदर्शी ने दावा किया कि रास्ते में लोहे के खंभे 11 हजार किलोवॉट की बिजली की लाइन से टकरा गए, जिससे करंट लग गया।
मृतकों की पहचान:
- चिंटू विश्वकर्मा (38)
- अखिलेश पटेल (48)
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इस संबंध में आगे की जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलने पर राज्य के लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह, स्थानीय विधायक अशोक रोहाणी, जिलाधिकारी राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

