जबलपुर में किशोरी के अपहरण, मारपीट के आरोप में महिला गिरफ्तार, दो नाबालिग हिरासत में

जबलपुर में किशोरी के अपहरण, मारपीट के आरोप में महिला गिरफ्तार, दो नाबालिग हिरासत में
Share this news

जबलपुर (मध्यप्रदेश), 24 नवंबर 2025 (भाषा)

मध्यप्रदेश के जबलपुर में एक किशोरी का अपहरण करने, उसके साथ मारपीट करने और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने के आरोप में 25 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया गया है और दो नाबालिग लड़कियों को हिरासत में लिया गया है।

ग्वारीघाट थाने के प्रभारी सुभाष चंद बघेल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर शनिवार को आरोपियों को हिरासत में लिया गया, जिनमें दो की उम्र 17 वर्ष है।

नाबालिगों में से एक लेडी डॉन के रूप में मशहूर

हैरानी की बात यह है कि नाबालिगों में से एक इस समूह का नेतृत्व करती है और वह स्थानीय स्तर पर ‘लेडी डॉन’ के रूप में मशहूर है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि तीनों ने 15 नवंबर को उसका अपहरण कर लिया, उसे ग्वारीघाट में नर्मदा नदी के किनारे एक स्थान पर ले गए और उसके साथ मारपीट की।

घटना का एक वीडियो डाला सोशल मीडिया पर

शिकायतकर्ता के मुताबिक आरोपियों ने पीड़िता को ब्लैकमेल किया और बाद में 22 नवंबर को घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया। बघेल ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तीनों आरोपी नशे की आदी हैं और इस घटना के पीछे यह भी एक कारण प्रतीत होता है।

उन्होंने कहा कि दोनों नाबालिगों को जिले के बाहर एक सुधार गृह भेज दिया गया है, जबकि महिला को अदालत में पेश किया गया जिसने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

About Post Author


Share this news
Advertisements