सागर, 24 नवंबर 2025 (भाषा)
मध्यप्रदेश के सागर जिले में रविवार को एक निजी बस ने सड़क किनारे खड़े चार लड़कों को टक्कर मार दी, जिसके कारण दो भाइयों सहित चार लड़कों की मौत हो गई।
अनंतपुरा गांव के पास हुआ यह हादसा
राहली पुलिस थाने के निरीक्षक सुनील शर्मा ने बताया कि यह घटना अनंतपुरा गांव के पास हुई। शर्मा ने बताया, “दोनों भाइयों, शिवम पाल (17) और रामचरण पाल (16) के अलावा प्रशांत पाल (14) और उमेश पाल (16) अनंतपुरा गांव से सिमरिया हर्खेड़ा जाने के दौरान सड़क किनारे खड़े थे, तभी सिमरिया से दमोह की ओर जा रही एक तेज रफ्तार बस ने उन्हें टक्कर मार दी।”
भैंसों की तलाश के लिए घर से निकले थे लड़के
पीड़ितों के रिश्तेदार भगवानदास ने कहा कि लड़के भैंसों की तलाश के लिए घर से निकले थे और सड़क किनारे मोटरसाइकिल खड़ी कर कुछ समय रुके थे, तभी तेज रफ्तार बस ने उन्हें टक्कर मार दी। अन्य ग्रामीणों ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि बस की चपेट में आए सभी युवकों के शव कई मीटर दूर मिले। पुलिस निरीक्षक शर्मा ने बताया कि मौके से फरार हुए बस चालक को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

