झाबुआ (मप्र), 28 जुलाई 2025 (भाषा)
मध्यप्रदेश के आदिवासी बहुल जिले झाबुआ कलेक्टर नेहा मीना के वाहन को सोमवार सुबह एक डंपर ने टक्कर मार दी। इस हादसे में वह बाल-बाल बच गईं। टक्कर के बाद कलेक्टर नेहा की गाड़ी डिवाइडर पर चढ़ गई लेकिन वह सुरक्षित हैं।
वाहन चालक को लिया हिरासत में
अनुविभागीय अधिकारी रूप रेखा यादव ने बताया की पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है और चालक राम सिंह को हिरासत में ले लिया है। उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में झाबुआ पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।
हादसा कब और कैसे?
यादव ने बताया कि यह हादसा सुबह करीब साढ़े 10 बजे हुआ, जब कलेक्टर नेहा अपने आधिकारिक आवास से गाड़ी पर सवार होकर कार्यालय जा रही थीं। उनका निवास इंदौर-अहमदाबाद राजमार्ग पर जिलाधिकारी कार्यालय के समीप ही है। यादव ने बताया कि हादसे के बाद कलेक्टर नेहा के सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें बाहर निकाला और फिर दूसरी गाड़ी से कार्यालय पहुंचाया, जहां पर उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक की।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

