कटनी, 25 दिसंबर 2025 (दैमप्र)
कटनी जिले के उमरियापान के समीपस्थ ग्राम बिछिया के निवासी अंकुर गर्ग को अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं सर्वोच्च योगदान के लिए देश के सर्वोच्च सम्मान राष्ट्रपति पुरस्कार से नवाजा गया है। यह सम्मान नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित गरिमामय समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्रदान किया गया।
अंकुर गर्ग, ग्राम बिछिया निवासी स्व. विनोद गर्ग के सुपुत्र हैं। वर्तमान में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) में पदस्थ हैं। उन्होंने अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर न केवल अपने गांव और जिले, बल्कि पूरे प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, मंडल अध्यक्ष आशीष चौरसिया, समाजसेवी सत्यनारायण पांडेय, विजय दुबे, संतोष दुबे,अंकित झारिया,धर्मेन्द्र गौतम सहित जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों ने अंकुर गर्ग को शुभकामनाएं एवं बधाई दी हैं। विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि अंकुर गर्ग युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उनकी सफलता आने वाली पीढ़ियों को विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
कटनी की और खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

