बरही में भालू का आतंक तीन ग्रामीणों पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर

बरही में भालू का आतंक तीन ग्रामीणों पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर
Share this news

कटनी, 24 दिसंबर 2025 (दैमप्र)

बरही वन परिक्षेत्र के ग्राम करौंदी कला में मंगलवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक जंगली भालू ने तीन ग्रामीणों पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में तीनों ग्रामीण बुरी तरह लहूलुहान हो गए हैं।

झाड़ियों में छिपे भालू ने ग्रामीणों पर बोला हमला

वन विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बरही अस्पताल पहुँचाया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, करौंदी कला निवासी सरमन यादव, भोली यादव और सुरेश पटेल रोजाना की तरह गांव के पास स्थित तालाब की ओर गए थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे भालू ने उन पर हमला बोल दिया। ग्रामीणों ने बचने का प्रयास किया, लेकिन भालू ने उन्हें बुरी तरह नोच डाला। शोर मचाने पर जब आसपास के लोग दौड़े, तब भालू जंगल की ओर भाग निकला।

मौके पर पहुँची बरही वन परिक्षेत्र की टीम

घटना की सूचना मिलते ही बरही वन परिक्षेत्र की टीम मौके पर पहुँची। घायलों को तत्काल बरही अस्पताल ले जाया गया। बरही रेंजर गोविंद नारायण शुक्ला ने अस्पताल पहुँचकर घायलों का हाल-चाल जाना  रेंजर शुक्ला ने बताया कि घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को कटनी जिला अस्पताल भेज दिया गया है।

करौंदी कला और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल

इस खूनी संघर्ष के बाद करौंदी कला और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल व्याप्त है। लोग खेतों की ओर जाने से कतरा रहे हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों को अकेले जंगल या सुनसान इलाकों में न जाने की सलाह दी है।

कटनी की और खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements