नशा मुक्ति, शिकंजा, कांबिंग गश्त के बीच अपराधियों ने की ख़ौफनाक वारदात, जन्मदिन की पार्टी हुई रक्तरंजित
कटनी, 29 जुलाई 2025 (दैमप्र)
रविवार की रात करीब 1 बजे तीन युवकों पर कुछ बदमाशों ने दनादन चाकू से वार कर फरार हो गए। यह खौफनाक वारदात शहर स्थित कटनी चौपाटी में हुई। वारदात में दो युवकों की जान चली गई जबकि एक युवक गंभीर अवस्था में मेडिकल कॉलेज में जीवन और मरण के बीच संघर्ष कर रहा है।
लगातार हो रहीं वारदातों से पुलिस पर उठ रहे सवाल
इस वारदात से पूरे शहर में सनसनी फैल गई है जबकि पुलिस की सक्रियता पर भी सवाल उठ रहे हैं।लगातार चल रही चाकुओं ने एक बार फिर शहर में खौफ का माहौल पैदा कर दिया है। ऐसे में सवाल उठाना तो लाजमी है कि आखिर पुलिस कर क्या रही है?, अपराधियों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो रहे हैं?, क्या अपराधों पर नियंत्रण लगा पाने में पुलिस कारगर साबित नहीं हो रही? फिलहाल पुलिस ने हत्या एवं हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। इस पूरे घटना क्रम में यह भी दिलचस्प पहलू है कि जब वारदात हुई उस वक्त पुलिस कांबिंग गस्त पर थी।

यह हुई घटना
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार गत रविवार सोमवार की दरमियानी रात लगभग 1 कोतवाली थाने से महज 500 मीटर दूर स्थित कटनी चौपाटी में सागर और तातुली नामक युवकों ने गायत्री नगर निवासी 23 वर्षीय रोशन सिंह पिता गुलाब सिंह, 22 वर्षीय उत्कर्ष दुबे पिता राजा दुबे एवं 20 वर्षीय विनेश पिता शिवनारायण पर चाकुओं से हमला कर दिया। हमला इतना भयावह था की घटना के बाद जब इलाज के लिए घायल रोशन सिंह, उत्कर्ष दुबे और विनेश को शासकीय जिला अस्पताल ले जाया गया तो वहां पर कुछ देर बाद ही डॉक्टरों ने रोशन एवं उत्कर्ष को मृत घोषित कर दिया, जबकि विनेश की हालत नाजुक होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक उक्त तीनों युवकों पर हमला करने वाले सागर एवं तातुली नामक युवक फिलहाल गिरफ्त से बाहर है। घायल युवकों की हालत इतनी नाजुक थी की वारदात की वजह भी वे बता नहीं सके। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए हमलावर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों की माने तो दो पक्षों में यह विवाद पुरानी रंजिश की वजह से हुआ। दोनों पक्षों ने शराब पी उसके बाद झगड़े।
कटनी की और खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

