रीठी मुख्यालय की घटना, सड़क पर उतरे लोग , दर्ज कराया कड़ा विरोध
कटनी, 29 जुलाई 2025 (दैमप्र)
रीठी के गोल बाजार स्थित लक्ष्मण सोनी की सोने-चांदी की दुकान में बीती रात चड्डी-बनियान गैंग ने डकैती का असफल प्रयास किया। डकैती की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
घटना से स्थानीय लोग आक्रोशित
इस घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और बड़ी संख्या में एकत्रित होकर रीठी थाने पहुंच गए और सड़क जाम कर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे डीएसपी की समझाइश के बाद लोगों ने सड़क जाम खोला।
यह है घटना
रीठी पुलिस घटना को चोरी की घटना मान रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि स्वर्ण व्यवसायी की दुकान में बीती रविवार की रात दो बजकर दस मिनट पर लगभग नौ हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोल दिया। लेकिन दुकान की शटर नहीं तोड़ पाए। पड़ोसियों की सजगता ने अपराधियों के मनसूबे पर पानी फेर दिया। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि हथियारबंद बदमाशों ने शटर तोड़ने की कोशिश की। काफी देर तक वे इस कोशिश में लगे रहे लेकिन सफल नहीं हो सके, पड़ोसियों की ओर से शोर-शराबा होने पर बदमाश भाग गए। मौके पर रात्रि में ही सूचना पर रीठी पुलिस भी पहुंची थी, पुलिस ने बदमाशों की तलाश भी की लेकिन हथियारबंद बदमाश कहीं नहीं मिले। लोगों को समझाइश देने के बाद डीएसपी ने मौके स्थल की भी जांच की है।
कटनी की और खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

