विजयराघवगढ़ के रोहनिया गांव में हुई वारदात, पुलिस ने बरामद किए दो जिंदा बम, फूटे बम के अवशेष भी मिले
कटनी दैमप्र। विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत रोहनिया में बीती रात अचानक फायरिंग की आवाज सुनकर समस्त ग्रामवासी दहशत में आ गए। सूचना विजयराघवगढ़ पुलिस एवं डायल 100 पर दी गई।थाना प्रभारी रितेश शर्मा के निर्देशन में एसआई जय सिंह एवं 100 डायल से पुलिस बल घटना स्थल पर पहुंचा। घटना स्थल पर पहुंचकर एस आई द्वारा दो जिंदा बम एवं एक फूटे हुए बम के अवशेष जप्त किए गए।प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि जब सारा गांव सो रहा था, उसी दौरान 2 जीपों में आधा दर्जन से ज्यादा लोग आए, गांव में अचानक फायरिंग की आवाज सुनकर गांव के लोग एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों की माने तो फायरिंग करने वाले व बम फेंकने वालों ने राजेश तिवारी की छत के ऊपर बम फेंकने की कोशिश की किंतु मकान के सामने विद्युत सर्विस लाइन में फंसकर बम नाली के पास गिर गया जिससे बड़ा हादसा टल गया। विजयराघवगढ़ पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए सघन जांच प्रारंभ कर दी है।
एसडीओपी वीरेंद्र धार्वे ने कहा की घटना को लेकर अभी तथ्य स्पष्ट नहीं हो सके हैं। जो बम मिले वह कितनी क्षमता के थे इसकी जांच के लिए बीडीडीएस टीम को जबलपुर से बुलवाया गया है। जांच के बाद ही बमों की मारक क्षमता की जानकारी लग पाएगी।

