कटनी : महिलाओं ने बिजली खंभा की लाइन चालू करने, सड़क व नाली निर्माण को लेकर महापौर, आयुक्त को सौंपा ज्ञापन 

कटनी : महिलाओं ने बिजली खंभा की लाइन चालू करने, सड़क व नाली निर्माण को लेकर महापौर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन 
Share this news

कटनी 9 जुलाई 2025 (दैमप्र)

मंगलवार को राम जानकी हनुमान वार्ड अन्तर्गत रोशन नगर में  महिलाओं ने बिजली खंभा की लाइन चालू करने, सड़कनाली निर्माण हेतु नगर निगम महापौर और कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा है। स्थानीय लोगों ने ज्ञापन में बताया कि श्रीराम जानकी हनुमान वार्ड क्रमांक 18 अन्तर्गत रोशन नगर में प्राइड जिम से लेकर ब्रह्मकुमारी आश्रम तक सड़क व नाली निर्माण और लगाए गए खंभों की लाइन चालू नहीं होने से लोग नरकीय जीवन जीने को मजबूर है जबकि अधिकाशं लोगों द्वारा नक्शा पास कराकर विकास शुल्क भी जमा किया गया है। विगत वर्ष महापौर द्वारा उपरोक्त क्षेत्र में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत मुरूम डलवाकर समतलीकरण करने हेतु स्थानीय इंजीनियर को निर्देशित भी किया था लेकिन आज तक कोई भी कार्य नहीं कराया गया है।


सड़क न होने से घर से बाहर निकलना हुआ मुस्किल

रोशन नगर में प्राइड जिम से लेकर ब्रह्मकुमारी आश्रम तक सड़क व नाली निर्माण नहीं होने से बारिश में घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। बच्चों के स्कूल जाने में भी असुविधा का सामना करना पड़ता है साथ ही लोग दुर्घटनाग्रस्त भी हो रहे हैं।


संक्रामक बीमारियों से लोग हो रहे बीमार

बीमार पड़ने पर एम्बुलेंस के लिए भी पक्की सड़क तक मरीज को लेकर जाना पड़ता है और सर्प दंश की घटनाएं भी घट चुकी है घरों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी नहीं होने से विभिन्न संक्रामक बीमारियों से लोग बीमार हो रहे हैं। इसी तरह वर्षों बीत जाने के बाद भी लगाए गए बिजली के खंभों की लाइन गणेश त्रिपाठी नामक ठेकेदार द्वारा चालू नहीं की जा रही है और विद्युत विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर चालू करने के लिए परमिट नहीं दिए जाने का बहाना बनाया जा रहा है जिससे लोग दूर दूर से तार खींचकर अस्थाई विद्युत कनेक्शन लेकर  भारी बिजली का बिल चुकाने को विवश है साथ ही स्ट्रीट लाइट नहीं होने से शाम होते ही अंधेरा छा जाता है जिससे अंधेरे में दुर्घटना भी घटित होती है और चोरी की घटनाओं की भी आशंका बनी रहती है।


बजट प्रावधान नहीं होने से विकास कार्यों में विलम्ब

उक्त मामले में विद्युत विभाग के अधिकारियों का रवैया बेहद ही निराशाजनक है। स्थानीय पार्षद रागिनी मनोज गुप्ता द्वारा बताया गया कि विद्युत विभाग के अधीक्षण यंत्री से लेकर कार्यपालन यंत्री मुकेश महोबे को सारी जानकारी देने के बाद भी लाइन चार्ज करने का परमिट नहीं दिया जा रहा है साथ ही उक्त क्षेत्र के सड़क, नाली निर्माण के प्रस्ताव भी तैयार किए जा चुके हैं लेकिन बजट प्रावधान नहीं होने से विकास कार्यों में विलम्ब हो रहा है।

महापौर ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर बिजली खंभों की लाइन चालू कराने और सड़क व नाली निर्माण कराने के निर्देश दिए हैं।

कटनी की और खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements