कटनी : जर्जर स्कूल के कमरों में टपकता है बारिश का पानी, छत से गिरता है प्लास्टर मलबा 

कटनी : जर्जर स्कूल के कमरों में टपकता है बारिश का पानी, छत से गिरता है प्लास्टर मलबा 
Share this news

ढीमरखेड़ा के कारीपाथर का प्राथमिक स्कूल है जर्जर, दो कमरों में लगती हैं कक्षाएं,बच्चों में रहती है दहशत,विधायक ने देखी हालात तो कहा राशि देकर करायेंगे मरम्मत 

कटनी 30 जुलाई 2025 (दैमप्र)

उमरियापान ढीमरखेड़ा विकासखंड के कारीपाथर गांव का शासकीय प्राथमिक स्कूल जर्जर होकर बदतर हालत में है। बारिश के दौरान स्कूल के कमरों में पानी टपकता हैं। छत से प्लास्टर और मलबा गिरता है। यहाँ कक्षा 1 से लेकर 5वीं तक के 70 बच्चे दो कमरों में पढ़ने मजबूर हैं।स्कूल के अन्य कमरों की हालत तो इतनी खराब है कि बैठना भी जोखिम भरा हो गया है। ऐसे में बच्चों का पढ़ाई करना मुसीबत से कम नहीं है।

ग्रामीणों का कहना है कि नये भवन का निर्माण हो

ग्रामीणों का कहना है कि सरकार को स्कूल के लिए नया भवन बनवाया चाहिए,ताकि यहाँ भी झालावाड़ जैसा हादसा न हो। जब तक बच्चे स्कूल से घर नहीं पहुँचते हैं, पालकों में चिंता बनी रहती हैं। राजस्थान में हुई घटना के बाद कई पालक तो इन दिनों बच्चों को स्कूल तक नहीं भेजते हैं। 

शाला प्रभारी जया आयाम ने बताया कि स्कूल परिसर में कक्षा 1 से 5वीं तक कुल 70 बच्चे पढ़ रहे हैं। यहाँ दो सरकारी जबकि एक अतिथि शिक्षक हैं। स्कूल के कमरों में प्लास्टर गिरने की वजह से केवल दो कमरों में ही पूरा स्कूल चल रहा है।कभी कभी तो बच्चों को बरामदे में भी बैठाना पड़ता है। बारिश के कारण कमरों में पानी आ जाता है। कार्यालय कक्ष भी क्षतिग्रस्त हो चुका है। रसोईघर में पानी आने से खाद्यान सामाग्री खराब हो जाती है। जब बारिश होती है,तो सभी बच्चे दहशत में रहते हैं।

विधायक ने देखी स्थिति कहा: स्कूल की मरम्मत करायेंगे

 बीते दिनों क्षेत्रीय विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने कारीपाथर स्कूल पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने देखा कि छत से पानी टपकता है। कक्षाओं में प्लास्टर भी गिरा पड़ा है। स्कूल की छत भी जर्जर हैं। विधायक ने कक्षाओं में पहुँचकर बच्चों और शिक्षकों से बातचीत की।स्कूल के बारे में जानकारी ली। शिक्षिका ने बताया कि स्कूल भवन की जर्जर हालत के बारे में वरिष्ठ अधिकारियों को लिखित में सूचना दी गई है। स्थानीय ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि स्कूल की बिल्डिंग पुरानी हो चुकी है। बारिश में पानी टपकने की समस्या रहती है। छत से कभी भी प्लास्टर गिरता है। स्कूल के लिए नया भवन बनना चाहिए। भवन की स्थिति देखते हुए विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने स्कूल के भवनों की मरम्मत कराने आश्वत किया और ग्राम पंचायत इमलिया के ग्राम रोजगार सहायक नरेन्द्र हल्दकार से स्कूल के मरम्मत संबंधी जानकारी मांगी। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष आशीष चौरसिया, पूर्व मंडल अध्यक्ष गोविंद प्रताप सिंह सहित ग्रामीणजन मौजूद रहे।

कटनी की और खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements