कटनी चौपाटी में दोहरी हत्या को तीन अपचारी बालकों ने दिया था अंजाम 

कटनी चौपाटी में दोहरी हत्या को तीन अपचारी बालकों ने दिया था अंजाम 
Share this news

बंगला पुरैनी के पास स्थित खाली प्लॉट से पुलिस ने लिया अभिरक्षा में, हत्या में प्रयुक्त चाकू, खून लगे कपड़े किए जप्त 

कटनी, 30 जुलाई 2025 (दैमप्र)

कोतवाली थाना से चंद कदमों की दूरी पर स्थित कटनी चौपाटी में रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात चाकूबाजी की गंभीर वारदात में दो युवकों की मौत हो गई। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल होकर जबलपुर मेडीकल कॉलेज में जिंदगी की जंग लड़ रहा है, हालांकि पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने वाले तीन अपचारी बालकों को बंगला पुरैनी के पास स्थित खाली प्लॉट से अभिरक्षा में लेकर हत्या में प्रयुक्त चाकू,खून लगे कपड़े और वारदात में उपयोग की गई स्कूटी को जप्त कर लिया है।

क्या था मामला?

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए कोतवाली थाना प्रभारी अजय बहादुर सिंह ने बताया कि विगत रविवार सोमवार की दरमियानी रात लगभग 1 बजे चौपाटी में चाकू बाजी की घटना घटित हुई थी घटना में तीन युवक घायल हुए थे जिसमें दो युवकों की हादसे के बाद मौत हो गई थी। पुलिस के मुताबिक गायत्री नगर निवासी 23 वर्षीय घायल विनेश पिता शिवनारायण का आरोपियों से पुराना विवाद था। विनेश अपने मित्र गायत्री नगर निवासी 22 वर्षीय उत्कर्ष दुबे पिता राजा दुबे एवं 23 वर्षीय रोशन सिंह पिता गुलाब सिंह के साथ रात में चौपाटी चाय पीने गया था, इसी दौरान आरोपियों से उसका सामना हो गया और वहां पर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि तीनों नाबालिक आरोपियों ने उनके ऊपर चाकुओं से दनादन प्रहार करने शुरू कर दिए। घटना में गंभीर रूप से घायल तीनों ही युवकों को इलाज के लिए शासकीय जिला अस्पताल ले जाया गया था, जहां पर उत्कर्ष एवं रोशन की कुछ देर बाद ही मौत हो गई, जबकि विनेश का इलाज जबलपुर में चल रहा है वहां पर उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने तीनों नाबालिक आरोपियों को गिरफ्तार कार्यालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है।

घटना से शहर में दहशत 

 रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात कोतवाली थाने से महज चंद कदमों की दूरी पर स्थित इस इलाके में चाकूबाजी की गंभीर वारदात में दो युवकों की मौत हो गई। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल होकर जबलपुर मेडीकल कॉलेज में जिंदगी की जंग लड़ रहा है। इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वारदात ने न सिर्फ शहर को हिला दिया है बल्कि चौपाटी क्षेत्र में सुरक्षा की खामियों और लचर निगरानी की पोल भी खोल दी है।

चौपाटी बन रही अपराध का केंद्र

कटनी शहर की चौपाटी एक बार फिर अपराध का केंद्र बन गई है। चौपाटी में देर रात तक खुली रहने वाली दुकानों, खासकर चाय, पान-मसाला की दुकानों में असामाजिक गतिविधियाँ बेरोकटोक चल रही हैं। इन दुकानों में नाबालिग लड़के-लड़कियों को नशा परोसा जा रहा है, जिसमें सिगरेट, तंबाकू और अन्य सूखे नशे के पदार्थ शामिल हैं। कई दुकानों में परदे लगाकर अंदर सिगरेट और आधुनिक नशे का सामान बेचा जा रहा है, लेकिन पुलिस की ओर से कभी कोई सघन जांच या कार्रवाई नहीं की गई। शुरुआत में चौपाटी को छोटे फूड स्टॉल्स जैसे चाट, चाउमीन, बर्गर, पिज्जा आदि के लिए विकसित किया गया था, लेकिन समय के साथ यह स्थान नशे और अपराधियों का अड्डा बन गया है।  चौपाटी में काम कर रहे कई युवक आपराधिक प्रवृत्ति के हैं, जिनका कोई पुलिस वेरिफिकेशन तक नहीं कराया गया है। 

चौपाटी की दुकानों की जांच जरूरी

चौपाटी में रात भर खुली रहने वाली दुकानों पर पुलिस की चुप्पी न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह साफ संकेत देती है कि प्रशासनिक सख्ती की भारी कमी है। पुलिस मुख्यालय भले ही प्रदेश भर में जन-जागरूकता और नशा मुक्ति के लिए अभियान चला रहा हो, लेकिन कटनी की चौपाटी जैसे स्थान इन अभियानों को मजाक बना रहे हैं। इस हत्याकांड ने यह स्पष्ट कर दिया है कि समय रहते पुलिस ने सख्ती नहीं बरती तो आने वाले दिनों में चौपाटी शहर के लिए अपराध का स्थायी केंद्र बन जाएगी। पुलिस प्रशासन को तत्काल चौपाटी की दुकानों की जांच, नशे की आपूर्ति पर रोक और वेरिफिकेशन प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए।

कटनी की और खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements