खंडवा, 06 मई 2026 (भाषा)
मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में अवैध मुरम उत्खनन की जांच करने पहुंचे एक पटवारी को ट्रैक्टर से कुचलकर उसकी हत्या का प्रयास करने के आरोप में पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
ट्रैक्टर चालक ने किया पटवारी पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास
खंडवा के भकराड़ा गांव में शासकीय भूमि पर अवैध मुरम उत्खनन की सूचना मिलने पर पटवारी मयंक फुलेरिया रविवार को मौके पर पहुंचे थे, और वहां कुछ लोग मुरम को पास के एक कुक्कुट पालन केंद्र में ले जाते मिले। उन्होंने बताया कि पटवारी को देखकर ट्रैक्टर चालक कुंदन राजपूत ने उन पर कथित रूप से ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया और मौके पर मौजूद कुछ अन्य ट्रैक्टर के चालकों सहित फरार हो गया।
मशीन छोड़कर भाग गए आरोपी, तलाश जारी
अधिकारियों ने बताया कि अवैध उत्खनन स्थल पर एक अर्थमूविंग मशीन गड्ढे में फंस गई और आरोपी इसे छोड़कर भाग गए। तहसीलदार महेश सोलंकी ने बताया कि इस मशीन को जब्त करके पुलिस को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि घटना को लेकर हत्या के प्रयास, लोक सेवक के सरकारी काम में बाधा डालना तथा अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की गई है और आरोपियों की तलाश जारी है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

