मुरैना (मध्यप्रदेश), 15 जून 2026 (भाषा)
मध्यप्रदेश के मुरैना रेलवे स्टेशन के निकट खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के एक डिब्बे में कथित तौर पर आग लगने की अफवाह फैल गई, जिसके बाद उससे उतरने के दौरान दूसरे ट्रैक से गुजर रही ट्रेन की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि यह घटना झांसी रेलवे डिविजन के हेतमपुर और धोलपुर सेक्शन के बीच अपराह्न करीब 4:15 बजे हुई।
पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आए यात्री
उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज सिंह ने बताया कि खजुराहो इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह से घबराहट में चेन खींचे जाने के बाद कुछ यात्री ट्रेन से उतर गए। उन्होंने कहा कि ट्रेन से उतरे यात्रियों ने ध्यान नहीं दिया कि बगल वाली पटरी पर पातालकोट एक्सप्रेस आ रही है और वे उसकी चपेट में आ गए। उन्होंने कहा कि हादसे में चार लोगों की मौत हो गई।
हेतमपुर स्टेशन के पास हुई यह दुर्घटना
घटनास्थल पर मौजूद मुरैना के जिलाधिकारी लोकेश कुमार जांगिड़ ने ‘पीटीआई-भाषा’ से फोन पर बातचीत के दौरान कहा कि खजुराहो से रवाना हुई उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में जिले के हेतमपुर स्टेशन के पास यह दुर्घटना हुई। उन्होंने कहा कि रेल इंजन से जुड़ी बोगी में कथित तौर पर अचानक चिंगारी और धुआं निकला, जिसके बाद कुछ यात्रियों ने जंजीर खींचकर ट्रेन को रोक दिया।
मृतकों की पहचान:
- आफरीन (35)
- अशद (4)
- शकुंतला (60)
- वीरमा देवी (58)
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

