रायसेन, 06 जून 2026 (भाषा)
मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में शुक्रवार को दो निजी बसों की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई और कम से कम 15 यात्री घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, कुछ घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें भोपाल के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
हादसे में 3 यात्रियों की मौत
पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना दोपहर करीब एक बजे जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर भोपाल-रायसेन मार्ग पर सेहतगंज टोल प्लाजा के पास हुई। सांडोरा चौकी प्रभारी शैलेंद्र दयमा ने बताया कि हादसे में तीन यात्रियों की मौत हुई है।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान माखन सिंह लोधी (29) और नितीश व्यास (28) के रूप में हुई है जबकि तीसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। अधिकारी ने बताया कि तीनों शवों को जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है।
दुर्घटना में कम से कम 15 यात्री घायल
दयमा ने बताया कि दुर्घटना में कम से कम 15 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें भोपाल स्थित हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया जबकि अन्य घायलों का उपचार रायसेन जिला अस्पताल में जारी है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बसें शक्ति बस सर्विस और कल्पना ट्रेवल्स की हैं।
दोनों बसों का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त
घटना की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी अरुण कुमार विश्वकर्मा और पुलिस अधीक्षक आशीष गुप्ता पुलिस बचाव दल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बसों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने बताया कि पुलिस और राहत दल के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों एवं राहगीरों ने बसों में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

