रतलाम/इंदौर, 27 नवंबर 2025 (भाषा)
मध्यप्रदेश के रतलाम शहर में लूट के लिए 70 वर्षीय महिला की हत्या के आरोपी को पुलिस के साथ संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद बुधवार को गिरफ्तार किया गया। रतलाम के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान सागर मीणा उर्फ बंटी (38) के रूप में हुई है।
चाकू से गला रेत कर की बुजुर्ग महिला की हत्या
मीणा को 23 और 24 नवंबर की दरम्यानी रात चाकू से गला रेत कर सरला धनेटवाल (70) की हत्या करने और उनके घर से मोबाइल, सोने-चांदी के आभूषण व नकदी लूटने के आरोपों में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक बुजुर्ग महिला की उसके घर के बाथरूम में बेहद क्रूरता से हत्या की गई थी
घर में अकेले रहती थी महिला
धनेटवाल शिक्षिका के पद से सेवानिवृत्त हुई थीं। उनके पति की पहले ही मृत्यु हो चुकी है और उनकी कोई संतान नहीं थी। वह अपने घर में अकेली ही रहती थीं।
घरेलू कर्मचारी और उसकी बेटी भी हिरासत में
कुमार ने बताया कि वारदात की साजिश में शामिल होने के आरोप में धनेटवाल की घरेलू कर्मचारी लीला (49) और उसकी बेटी मोना (30) को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया, ‘‘लीला और मोना ने ही मीणा को बताया था कि अपने घर में अकेली रहने वाली बुजुर्ग महिला के पास काफी धन और जेवरात हैं। इसके बाद तीनों आरोपियों ने वारदात की साजिश रची।’’
मीणा ने की थी भागने की कोशिश
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस दल ने मुख्य आरोपी मीणा को मलवासी के जंगल में हिरासत में लिया। अधिकारी के मुताबिक जब मीणा को हथकड़ी पहनाई जा रही थी, तब उसने एक उप निरीक्षक से उसकी सरकारी पिस्तौल छीनकर पुलिस दल पर गोली दाग दी और मौके से भागने लगा। उन्होंने बताया कि पुलिस दल ने अपनी रक्षा के लिए जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई जो आरोपी के पैर में लगी।
अधिकारी ने बताया कि मीणा से पिस्तौल छुड़ाकर उसे काबू में किए जाने के दौरान झूमा-झटकी में उप निरीक्षक घायल हो गया। आरोपी के कब्जे से लूट के गहने और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं और वारदात की विस्तृत जांच जारी है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

