रतलाम, 27 जून 2026 (भाषा)
मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में मुहर्रम के मौके पर निकाले जा रहे ताजिये के बृहस्पतिवार देर रात बिजली की हाईटेंशन लाइन से टकरा जाने के कारण करंट लगने से तीन लोगों की मौत हो गई और 10 व्यक्ति घायल हो गए।
बिजली कंपनी का कर्मचारी निलंबित
घटना के बाद बिजली वितरण कंपनी ने कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में एक कर्मचारी को निलंबित कर दिया और दो मजदूरों को काम से हटा दिया।
घटना में तीन लोगों की मौत
अधिकारियों ने बताया कि पिपलौदा थाना क्षेत्र के हतनारा गांव में ताजिये के साथ जुलूस निकाला जा रहा था। उन्होंने बताया कि ताजिया बृहस्पतिवार रात 11:15 बजे के आस-पास बिजली की हाईटेंशन लाइन से टकरा गया जिससे उसमें करंट फैल गया और उसे उठाकर ले जा रहे कई लोग झुलस गए। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया,”इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। घटना की जांच की जा रही है।”
मृतकों की पहचान:
- राशिद खान (32)
- अरबाज (25)
- सड्डू (40)
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद उनके शव परिजनों को सौंप दिए गए। 0 घायलों को रतलाम चिकित्सा महाविद्यालय, जिला चिकित्सालय और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
रतलाम चिकित्सा महाविद्यालय के अधिकारी डॉ. रवींद्र सोलंकी ने बताया कि इस संस्थान से जुड़े अस्पताल में लाए गए घायलों में तीन लोगों की पहले ही मौत हो चुकी थी। घटना के बाद जिलाधिकारी मिशा सिंह और अन्य आला अफसरों ने चिकित्सा महाविद्यालय पहुंचकर घायलों का हाल-चाल जाना। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल तीन घायल चिकित्सा महाविद्यालय में भर्ती हैं और तीनों की स्थिति खतरे से बाहर है।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

