‘मिलावटी’ ईंधन भरे जाने के बाद सीएम मोहन यादव के काफिले में शामिल वाहन हुए खराब

‘मिलावटी’ ईंधन भरे जाने के बाद सीएम मोहन यादव के काफिले में शामिल वाहन हुए खराब
Share this news

रतलाम (मध्यप्रदेश), 27 जून 2025 (भाषा)

मध्यप्रदेश के सीएम मोहन यादव के काफिले की डेढ़ दर्जन से अधिक गाड़ियां टंकी में कथित तौर पर ‘मिलावटी’ ईंधन और भरवाने के कुछ ही देर बाद बृहस्पतिवार रात बंद हो गईं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

रतलाम पेट्रोल पंप को किया सील

प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रतलाम के संबंधित पेट्रोल पंप को सील कर दिया और इंदौर से नई गाड़ियों की व्यवस्था की गई ताकि सीएम मोहन यादव का कार्यक्रम यथावत जारी रहे।

अधिकारियों के मुताबिक टंकी में पेट्रोल और डीजल के साथ ही उसमें पानी मिला हुआ था, इसलिए यह स्थिति पैदा हुई।

पेट्रोल भरवाने के कुछ देर बाद वाहनों के इंजन बंद

अपर जिलाधिकारी शालिनी श्रीवास्तव ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मुख्यमंत्री के काफिले की गाड़ियों में पेट्रोल और डीजल भरवाने के कुछ देर बाद उनमें से कुछ वाहनों के इंजन बंद हो गए।

काफिले में शामिल कुछ चालकों ने बताया कि गाडियां रुकने के बाद जब उन्होंने जांच की तो पाया कि सभी 19 गाड़ियों में पेट्रोल और डीजल के साथ पानी मिला हुआ है।

उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे मुख्यमंत्री काफिले की कारें रतलाम शहरी सीमा के डोसीगांव स्थित भारत पेट्रोलियम के शक्ति फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाने पहुंची थीं।

‘रीजनल इंडस्ट्री, स्किल एंड एम्प्लॉयमेंट कॉन्क्लेव – एमपी राइज 2025’

रतलाम में यादव की उपस्थिति में ‘रीजनल इंडस्ट्री, स्किल एंड एम्प्लॉयमेंट कॉन्क्लेव – एमपी राइज 2025’ का आयोजन हो रहा है।

मुख्यमंत्री इसमें शामिल होने पहुंचे थे। उनके काफिले के लिए इंदौर से आई ये गाडियां पेट्रोल और डीजल भरवाने के बाद कुछ दूरी पर जाकर बंद हो गईं।

चालकों ने इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी और इसके बाद प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements