सागर (मध्यप्रदेश), 21 सितंबर 2025 (भाषा)
मध्यप्रदेश के सागर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर हथियारबंद बदमाशों ने सामानों से भरे एक निजी कंपनी के ट्रक को लूट लिया। यह घटना शनिवार रात सागर-नरसिंहपुर मार्ग पर गौरझामर थाना क्षेत्र के चरगुवां तिराहा स्थित सिलारपुर गांव के पास हुई।
चार हथियारबंद बदमाश ने लूटा सामान
सागर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) लोकेश सिन्हा ने बताया कि अंडरब्रिज निर्माण कार्य के चलते ट्रक की गति कम थी और इसी का फायदा उठाकर चार हथियारबंद बदमाश उसमें घुस गए। उन्होंने कहा कि बदमाशों ने चालक दल के सदस्यों से मारपीट की और उन्हें बंधक बना लिया। सिन्हा ने कहा कि बदमाशों ने मुंगवानी के पास ट्रक से सारा सामान निकाल लिया और एक दूसरे वाहन में भरकर फरार हो गए।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
उन्होंने कहा कि ट्रक चालक दिलचन पटेल की शिकायत पर गौरझामर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला पंजीबद्ध करते हुए विवेचना में लिया है। उन्होंने कहा, “आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।” ट्रक चालक पटेल ने बताया कि गुड़गांव से ट्रक में आमेजन कंपनी का सामान भरकर नागपुर ले जाया जा रहा था।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

