MP : आतंकियों को पैसा पहुंचाने के आरोप में पुलिस ने तीन को गिरफ्तार किया, दो को हिरासत में लिया

Share this news

सतना, 22 अगस्त :भाषा: मध्यप्रदेश पुलिस ने आतंकवादियों को पैसा पहुंचाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है जबकि दो अन्य को हिरासत में लिया है।  जिला पुलिस अधीक्षक रियाज इकबाल ने फोन पर इस सबंध में पूछे जाने पर बृहस्पतिवार को पीटीआई भाषा को बताया, इस मामले में पुलिस ने बलराम सिंह, सुनिल सिंह और शुभम तिवारी को गिरफ्तार किया है। जबकि दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।

गिरफ्तार किए गए और हिरासत में लिए गए पांचों को इस मामले में आगे पूछताछ के लिए आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) को सौंप दिया गया है।   एसपी ने हिरासत में लिए गए दो लोगों के नाम जाहिर नहीं किए।  

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए बलराम और हिरासत में लिया गए एक व्यक्ति को एटीएस ने जासूसी और आतंकवाद वित्तपोषण के मामले में फरवरी 2017 में भी गिरफ्तार किया था। इकबाल ने बताया कि ए आरोपियों के पास से मोबाइल फोन मिले हैं। इनसे सोशल नेटवर्क साइट और अन्य जरियों से बाहर के नंबरों पर बात हुई है तथा वीडियो क्लिप भी मिले हैं। इसके अलावा विभिन्न बैंक खातों का उपयोग करके कई लेन देन किए गए हैं।  

एसपी ने कहा कि इन लोगों का उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बिहार के कई जिलों के लोगों से तार जुड़े हैं। इस मामले में आगे की जांच एटीएस करेगी।  सूत्रों ने बताया कि ढाई साल पहले गिरफ्तार किया गया बलराम जमानत पर था।  गौरतलब है कि गुप्त जानकारी एकत्र करने के लिए पाकिस्तान से चलाए जा रहे जासूसी रैकेट से जुड़े होने के आरोप में पुलिस ने फरवरी 2017 में 11 लोगों को विभिन्न स्थानों से गिरफ्तार किया था। 

About Post Author


Share this news
Advertisements