सिवनी में दंपति पर चाकू से हमला कर आरोपी ने आत्महत्या की

सिवनी में दंपति पर चाकू से हमला कर आरोपी ने आत्महत्या की
Share this news

सिवनी, 28 अगस्त 2025 (भाषा)

मध्यप्रदेश के सिवनी में नौकरी दिलाने के नाम पर रुपये ऐंठने को लेकर हुए विवाद में 30 वर्षीय एक व्यक्ति ने दंपति पर चाकू से हमला करने के बाद आत्महत्या कर ली।

जबलपुर-सिवनी राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई घटना

सिवनी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा ने बताया कि घटना मंगलवार रात को जबलपुर-सिवनी राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस समय हुई, जब एक कार में सवार अर्षित वर्मा नाम के व्यक्ति ने दंपति पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में पति-पत्नी दोनों गंभीर रुप से घायल हो गये। हमला करने के बाद कार से निकलकर भागे आरोपी अर्षित ने खुद का गला काट कर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि हमले में घायलों की पहचान प्रकाश ठाकुर और उसकी पत्नी श्रृद्धा ठाकुर के रूप में हुई है।

क्या हैं विवाद का कारण?

घायल महिला ने बताया कि आरोपी अर्षित उसे उद्योग केंद्र में प्रबंधक पद पर सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र दिलाने के लिए जबलपुर लेकर गया था। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि कई घंटे तक यहां-वहां घुमाने के बाद जब दंपति ने तंग आकर रुपये वापस करने की बात कही तो आरोपी ने उनसे नियुक्ति पत्र ई-मेल पर आने को कहा। प्रकाश ठाकुर ने धोखाधड़ी का अंदेशा होने पर अर्षित से रकम लौटने को कहा, जिसपर तीनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर पीछे बैठे अर्षित ने धारदार चाकू से प्रकाश पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और बगल में बैठी श्रद्धा ने जब पति को बचाने का प्रयास किया तो आरोपी ने उसे भी घायल कर दिया।

कार में हंगामा देख प्रत्यक्षदर्शियों की भीड़ एकत्रित होने लगी और इस बीच कार से उतरकर भागे अर्षित ने कुछ दूर पहुंचकर उसी चाकू से अपनी गर्दन काट ली, जिससे मौके पर उसकी मौत हो गई।

मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

About Post Author


Share this news
Advertisements