शिवपुरी (मध्यप्रदेश), 10 जून 2026 (भाषा)
सोने-चांदी के आभूषणों के साथ आलीशान जीवनशैली से जुड़े वीडियो साझा कर सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने वाली मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले की एक महिला यू-टयूबर के घर से चोरों ने सफाई से हजारों रुपये मूल्य के सामान चोरी कर लिए और घटना के चार दिन बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं।
महिला यू-टयूबर रचना गुर्जर के घर में घुसे चोर
पुलिस के मुताबिक, मामला जिले के नरवर थाना क्षेत्र के मोहानी ख्यावदा गांव का है, जहां की चर्चित यू-ट्यूबर रचना गुर्जर के घर गत शुक्रवार की देर रात चोरों ने सीढ़ियों के सहारे घर की चारदीवारी लांघने के बाद फेंसिंग काटकर इस घटना को अंजाम दिया।
पुलिस के हाथ कुछ लगे अहम सुराग
एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि मामले में पुलिस के हाथ कुछ अहम सुराग लगे हैं, जिनसे चोरों के शीघ्र पकड़े जाने की संभावना बढ़ गई है। नरवर थाना प्रभारी विनय यादव ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में कहा कि पीड़िता के घर के नजदीक एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है, जिससे कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। उन्होंने बताया कि इस मोटरसाइकिल के चेचिस नंबर और रजिस्ट्रेशन नंबर भिन्न हैं और यह गुना जिले की प्रतीत हो रही है।
ये ये सामान हुआ चोरी
चोरी गए सामानों के बारे में पूछे जाने पर यादव ने बताया कि शिकायतकर्ता की ओर से दर्ज प्राथमिकी में चार अंगूठियां और एक करधनी सहित कुल 90 हजार रुपये मूल्य के सामानों की चोरी का उल्लेख किया गया है। पुलिस के मुताबिक, लगभग आठ हजार रुपये कीमत की रेड बुल सॉफ्ट ड्रिंक की एक पेटी भी पीड़िता के घर से चोरी हुई है।
रचना सोशल मीडिया पर दिखाती थी आलीशान जीवनशैली
ज्ञात हो कि गुर्जर अपने आलीशान घर, महंगी साज-सज्जा और सोने-चांदी के आभूषणों व जीवनशैली से जुड़े वीडियो नियमित रूप से सोशल मीडिया पर साझा करती रही हैं। पुलिस ने आशंका जताई है कि चोरों ने सोशल मीडिया पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर ही घर की टोह लेकर वारदात को अंजाम दिया है। घटना के बाद गुर्जर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा है कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होंगे, तब तक वह इस मामले को लेकर लगातार वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर आवाज उठाती रहेंगी।
दिखावा भरी पड़ गया
घटना के बाद से स्थानीय स्तर पर इस बात की खासी चर्चा है कि सोशल मीडिया में अक्सर कीमती गहने और आलीशान जीवनशैली को दर्शाने के कारण चोरों ने उन्हें अपना निशाना बनाया। उनके सोशल मीडिया खाते पर अक्सर कुछ लोग यह सलाह भी देते थे कि इतना सोना मत दिखाओ कि आपके घर चोर घुस जाएं।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

