सीधी (मध्यप्रदेश), 17 सितंबर 2025 (भाषा)
मध्यप्रदेश के सीधी में पति ने संभवतः खाना बनाने को लेकर हुए विवाद के बाद बेसबॉल बैट से से पीट-पीट कर एक प्रधान आरक्षक पत्नी की हत्या कर दी।
पत्नी पुलिस अधिकारी पति गाड़ी चालक
पुलिस के मुताबिक सविता साकेत नाम की यह महिला पुलिस अधिकारी जिले के कमर्जी थाने में पदस्थ थीं जबकि उसका पति वीरेंद्र साकेत खुद की बोलेरो गाड़ी चलाता था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना सोमवार रात पुलिस लाइन स्थित महिला के सरकारी आवास में हुई और अगले दिन सुबह शव का पोस्टमॉर्टम कर अंतिम संस्कार किया गया। घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया।
पुलिस लाइन में पुष्पांजलि सभा का आयोजन
घटना की जानकारी मिलते ही रीवा रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक हेमन्त चौहान और पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी समेत जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और साकेत के लिए पुलिस लाइन में पुष्पांजलि सभा का आयोजन किया गया। चौहान ने पत्रकारों से कहा कि पूरी घटना की पड़ताल की जाएगी कि आखिर यह हुई क्यों। उन्होंने कहा, ‘‘आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी है और इसके लिए जगह-जगह नाकेबंदी भी की गई है।’’
पिता के लिए फांसी की सजा की मांग
सविता की बेटी आंचल साकेत ने पत्रकारों बातचीत के दौरान अपने पिता के लिए फांसी की सजा की मांग की है। आंचल ने कहा, ‘‘जब मेरी मम्मी ही नहीं रहीं तो उनको (पिता) जीने का हक नही रहा।’’ उसने बताया कि उसकी मां और उसके पिता के बीच खाना बनाने को लेकर झगड़ा हो रहा था तथा यह जानकारी खुद उसकी मम्मी ने फोन करके दी थी। आंचल के मुताबिक उन्होंने इसकी जानकारी पड़ोसियों को दी और जब तक पड़ोसी उसके घर पहुंच पाते तब तक उसके पिता मौके से फरार हो चुके थे।
मध्यप्रदेश की और खबरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

