MP : लॉकडाउन के कारण भिवंडी से साइकिल से महाराजगंज जा रहे श्रमिक की हुई मौत

केरल में थाने पहुंचा युवक, कहा- मेरे बैग में नवजात शिशुओं के कंकाल हैं
Share this news

बड़वानी, 02 मई (भाषा) लॉकडाउन के कारण भिवंडी महाराष्ट्र से साइकिल से अपने घर महराजगंज उत्तर प्रदेश जा रहे 50 वर्षीय एक प्रवासी मजदूर की 390 किलामीटर की दूरी तय करने के बाद मध्यप्रदेश के सेंधवा के निकट मौत हो गई।

मृतक मजदूर के साथियों ने बताया कि लॉकडाउन के कारण भिवंडी में कोई काम नहीं मिलने के कारण तबारक मंसूरी (50) और 11 अन्य श्रमिक अलग- अलग साइकिलों से घर वापस जा रहे थे। मुम्बई- आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सेंधवा के पास बृहस्पतिवार को मंसूरी की तबियत बिगडऩे के बाद उसका निधन हो गया।

मंसूरी के साथ दूसरी साइकिल पर उत्तर प्रदेश जा रहे रमेश पंवार ने बताया कि लॉकडाउन के चलते भिवंडी में उन्हें कोई काम नहीं मिल रहा था, इसलिए वह अपने 11 साथियों के साथ साइकिल पर भिवंडी से महाराजगंज के लिए निकल पड़े। भिवंडी से महाराजगंज के बीच की दूरी लगभग 1600 किलोमीटर है। मंसूरी के एक अन्य साथी ने बताया कि हम सभी श्रमिक भिवंडी में पॉवरलूम में काम करते थे और वहां से साइकिल से 25 अप्रैल को चले थे।

पंवार ने कहा कि महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश की सीमा पर सेंधवा के पास बृहस्पतिवार को मंसूरी की तबियत अचानक खराब हो गई और संभवत: दिल का दौरा पडऩे और थकान के चलते उसकी मौत हो गई। सेंधवा ग्रामीण पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक वी एस परिहार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

उन्होंने बताया कि मंसूरी के साथी उसके शव को महाराजगंज में घर ले जाने की मांग कर रहे थे लेकिन लॉकडाउन के चलते उन्हें यह अनुमति नहीं दी गई है। उन्होंने बताया कि मृतक के शव को सेंधवा में ही दफनाया गया है।

About Post Author


Share this news
Advertisements